महाराष्ट्र साइबर सेल ने हाल ही में साइबर-अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म के तहत डिजिटल अरेस्ट और महाराष्ट्र साइबर एंथम लॉन्च किया, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समय रैना को सम्मानित किया, जिसका वीडियो खुद स्टैंड अप कॉमेडियन समय रैना ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया और सीएम को धन्यवाद कहा. हालांकि समय रैना को सम्मानित किए जाने की बात कॉमेडियन सुनील पाल को बिल्कुल पसंद नहीं आई और उन्होंने वीडियो शेयर किया, जिसकी शुरुआत में वह कहते हैं, घोर कलयुग आ गया है, घोर कलयुग. इसके बाद सुनील पाल ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए समय को सम्मानित करने के फैसले पर सवाल उठाए.
सुनील पाल ने कसा तंज
सुनील पाल ने मशहूर 'ओके' सोप के विज्ञापन की याद दिलाते हुए और उसकी टैगलाइन बदलकर इस स्थिति पर तंज करते हुए गाया, जो ओके साबुन से नहाए, कमल सा खिल जाए. अब वो उल्टा हो गया है. इतना ही नहीं उन्होंने इंडियाज गॉट लेटेंट में भाषा के इस्तेमाल की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया गया कि शो में हिस्सा लेने वालों और पैनलिस्ट दोनों ने ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया.
समय रैना को लेकर कही ये बात
उन्होंने कहा, क्या वो गाली गलौज करता है, लेटेंट जैसा शो लाता है इसलिए? हिस्सा लेने वाले भी गाली देते हैं, पैनल भी गाली देते हैं और ऐसी ऐसी गालियां देते हैं कि जो आप सुन नहीं सकते. किसी के सामने पेश नहीं कर सकते. जो नए कॉमेडियन हैं, उनको क्या मैसेज पहुंचेगा कि सम्मान पाना है तो पहले कॉमेडियन बनो, गाली गलौज करो, पुलिस केस कराओ अपने ऊपर, कोई ऐसी कॉन्ट्रोवर्सी कर दो कि पुलिस मारते मारते आपको पुलिस स्टेशन ले जाए. फिर आप न्यूज में आ जाओ. न्यूज में आने के बाद आपका शो दोबारा सक्सेस के साथ बाहर आएगा. जब आपको सक्सेस मिल जाएगी तो हर आदमी सलाम करेगा. जो पुलिस वाले आपको मार रहे थे वो आपकी सिक्योरिटी करेंगे. सुनील पाल के इस बयान पर समय रैना ने अभी तक रिएक्शन नहीं दिया है.
समय रैना को किया गया था सम्मानित
1930 महाराष्ट्र की साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर है. हाल ही में एक इवेंट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देंवेंद्र फडणवीस ने पब्लिक अवेयरनेस के महत्व पर जोर देते हुए साइबर क्राइम से लड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि ऐसे संदेश कलाकारों, एक्टर्स और सिंगर्स के जरिए नागरिकों तक असरदार तरीके से पहुंचाए जा सकते हैं. कॉमेडियन समय रैना ने इस कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सीएम देवेंद्र फडणवीस को धन्यवाद दिया और मजाक में कहा कि उनके पास महाराष्ट्र साइबर का नंबर पहले से ही सेव है क्योंकि उन्हें अक्सर वहां से कॉल आते रहते हैं. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सभी हस्तियां समय रैना की बात सुनकर हंस पड़े. समय रैना ने कहा, "सम्मान के लिए धन्यवाद सर. महा साइबर के साथ मेरा नाता बहुत पुराना है. 1930 वाकई एक शानदार नंबर है. महा साइबर सेल बहुत एक्टिव है. मैं आपको यकीन से बता सकता हूं कि आप कहीं भी हों, चाहे आप देश में हों या बाहर, वो आपको पकड़ ही लेंगे. आज पहली बार ऐसा हुआ है कि साइबर सेल का अधिकारी सुबह एक कॉमेडियन के घर गया, उसे घर से उठाया और इस बार उसका सम्मान हुआ है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं