नेटफ्लिक्स का मशहूर एंथोलॉजी फ्रैंचाइज लस्ट स्टोरीज अपनी तीसरी किस्त के साथ लौट रहा है. लस्ट स्टोरीज 3 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग शुरू करेगी. इस बार चार अलग-अलग निर्देशकों ने चार नई कहानियां बनाई हैं, जो प्यार, इच्छा, रिश्तों और आधुनिक जीवन की जटिलताओं पर आधारित हैं. इस एंथोलॉजी में विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज निर्देशन कर रहे हैं. हर निर्देशक अपनी अलग कहानी लेकर आए हैं. ये कहानियां इच्छा, कमजोरी, शक्ति और उन भावनाओं को छूती हैं, जिन्हें लोग अक्सर खुले में नहीं कह पाते.
फिल्म के कलाकार
फिल्म का प्रोडक्शन आरएसवीपी और फ्लाइंग यूनिकॉर्न एंटरटेनमेंट ने किया है. कास्ट में कई जाने-माने कलाकार शामिल हैं. राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सना थम्पी, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पिरजादा इस एंथोलॉजी का हिस्सा हैं. नेटफ्लिक्स इंडिया ने इंस्टाग्राम पर रिलीज डेट का ऐलान करते हुए लिखा, 'डिजायर, ड्रामा और डिलेमास. तारीख याद रखें. लस्ट स्टोरीज 3 18 सितंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर.'
फ्रैंचाइजी की खासियत
नेटफ्लिक्स इंडिया की ओरिजिनल फिल्म्स डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख ने कहा कि लस्ट स्टोरीज की खासियत यह है कि हर बार यह खुद को नए रूप में पेश करता है. हर कहानी एक साझा भावना से शुरू होती है, लेकिन अलग-अलग भावनात्मक सच्चाई पर खत्म होती है. इच्छा के जरिए पावर, कमजोरी, एजेंसी और समझौतों को दिखाया गया है. चार निर्देशक अपनी-अपनी नजरिए से कहानियां बता रहे हैं, ताकि दर्शक अपने अनुभवों के हिसाब से इन्हें समझ सकें. पहली लस्ट स्टोरीज 2018 में आई थी, जिसमें अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करण जौहर की कहानियां थीं. 2023 में दूसरी किस्त आई. अब तीसरी किस्त के साथ यह फ्रैंचाइज फिर से चर्चा में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं