मशहूर सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने हाल ही में छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान लाइव गाने के मुद्दे पर अपनी बात रखी. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. यह बयान उस विवाद के बाद आया है, जिसमें दलेर मेहंदी के एक कार्यक्रम में लिप सिंकिंग के आरोप लगे थे.कार्यक्रम के दौरान अभिजीत ने कहा कि मंच पर लाइव गाने के नाम पर अगर कोई असल में नहीं गा रहा है, तो ऐसा कभी नहीं होने देना चाहिए.
क्या बोले अभिजीत भट्टाचार्य
उन्होंने हाल के एक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम में मंत्री साहब मंच पर आए और सिंगर से कहा कि आप गा नहीं रहे हैं. अभिजीत ने कहा कि मंत्री जी ने सही बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद वह विवादों में आ गए. उन्होंने कहा कि ऐसे मामले कई जगहों पर होते हैं.
अभिजीत ने छत्तीसगढ़ की जनता से खास अपील की कि वह यहां ऐसा कभी न होने दें. उन्होंने साफ कहा, 'मैं जैसे भी गाऊंगा, गलत गाऊंगा, गला खराब रहेगा, थक जाऊंगा या बेसुरा गाऊंगा, लेकिन जो भी गाऊंगा, लाइव गाऊंगा.'
क्या है पूरा मामला
उन्होंने आगे कहा कि लोग अपना समय और मेहनत की कमाई खर्च करके कार्यक्रम में आते हैं. प्रशासन और विभाग की भी काफी मेहनत लगती है. इसलिए कलाकार को दर्शकों का सम्मान करना चाहिए. अभिजीत ने वादा किया कि वह कभी गाने के नाम पर सिर्फ मुंह नहीं हिलाएंगे. उन्होंने अपने संगीतकारों को भी ताली दिलवाई और फिर दोहराया कि लाइव के नाम पर नकली गाने की इजाजत न दी जाए.
आपको बता दें कि उत्तराखंड में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन मेले में दलर मेहंदी के कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें बीच में रोका था. आरोप था कि दलेर मेंहदी शराब के नशे में थे और लिप सिंक कर रहे थे. यह घटना नवरात्रि के धार्मिक आयोजन में हुई थी, इसलिए चर्चा और बढ़ गई. बाद में मीका सिंह ने अपने बड़े भाई का बचाव करते हुए कहा कि कलाकारों के साथ सम्मान से पेश आना चाहिए. साथ ही साफ कहा है कि उन्होंने शराब नहीं पी थी और बीमार चल रहे हैं.
यह भी पढ़ें | 27 साल पुराना वो गाना, जो गाया 7 सिंगर्स ने मिलकर, NRI दिलों का बना एंथम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं