कुछ पुराने गानों का दौर कभी खत्म नहीं हुआ है. पुराने गाने किसी ना किसी तरह से रिक्रिएट होकर दर्शकों के दिलों को जीतता रहा है. 90 के दशक में भी एक गाना आया था, जिसे उस वक्त खूब पसंद किया गया था. इस गाने का लोकप्रियता को देखते हुए 2019 में फिर से इस गाने को रीक्रिएट किया गया और फिर से एक पार्टी एंथम बन गया था. 90 के दशक के इस गाने का नाम 'शहर की लड़की' है. यह गाना फिल्म रक्षक का है.
अभिजीत और चंद्रा दीक्षित की आवाज
इस गाने को सुनील शेट्टी और रवीना टंडन पर फिल्माया गया था. जबकि गाने के बोल दीपक चौधरी ने लिखे है. 'शहर की लड़की' गाने को अभिजीत और चंद्रा दीक्षित ने अपनी शानदार आवाज में गाया है. गाने में आनंद-मिलिंद ने म्यूजिक दिया है. रवीना टंडन ने खुद बताया था कि यह गाना उन्होंने दोस्त अशोक होंडा की मदद के तौर पर किया था, क्योंकि उनकी फिल्म अटक गई थी.
रवीना टंडन ने खुद बनाए अपने लुक्स
'शहर की लड़की' गाने की शूटिंग में सबसे मजेदार हिस्सा था लुक्स का तेजी से बदलना. स्टॉप-ब्लॉक शॉट्स में रवीना तीन-चार सेकंड में कपड़े, मेकअप और हेयरस्टाइल बदलकर वापस आ जाती थीं. सुनील शेट्टी को उसी पोजीशन में हाथ बढ़ाए खड़े रहना पड़ता था जब तक वो वैन से लौटकर आतीं. रवीना ने खुद यह लुक्स चुने थे और उनकी स्पीड देखकर लोग हैरान रह जाते थे. यही वजह है कि गाने में हर शॉट में नया अंदाज नजर आता है.
गाने में 'हाई हाउ आर यू' और 'हाउ डू यू डू' जैसे अंग्रेजी फ्रेजेस ने गाने को और ज्यादा कैची बना दिया. चिन्नी प्रकाश और रेखा प्रकाश की कोरियोग्राफी इतनी दमदार थी कि साल 1997 में उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड फॉर बेस्ट कोरियोग्राफी मिला. सुनील शेट्टी और रवीना टंडन का केमिस्ट्री और बैकग्राउंड डांसर्स के साथ पूरा सीक्वेंस आज भी यंगस्टर्स को थिरकने पर मजबूर करता है.
यंगस्टर्स का बना पार्टी एंथम
1996 में रिलीज होते ही गाना चार्ट्स पर छा गया. टी-सीरीज के इस ट्रैक ने लाखों व्यूज बटोरे और आज भी यूट्यूब पर करोड़ों लोग इसे देखते हैं. 2019 में 'खानदानी शफाखाना' में तनिष्क बागची ने इसका रीक्रिएटेड वर्जन बनाया, जिसमें बादशाह और तुलसी कुमार ने गाया. ओरिजिनल गाने के स्टार्स सुनील शेट्टी और रवीना टंडन ने उसमें भी स्पेशल अपीयरेंस किया. पुराना गाना नया रूप लेकर फिर हिट हो गया और यह यंगस्टर्स का पार्टी एंथम बन गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं