विज्ञापन

सुनीता आहूजा के दावों के बीच गोविंदा का शादी की खबरों पर सख्त रूख, दे दी ये चेतावनी 

गोविंदा ने कोर्ट मैरिज की अफवाह पर सख्त नोटिस दिया है और 100 करोड़ तक के दावे की चेतावनी दी है. 

सुनीता आहूजा के दावों के बीच गोविंदा का शादी की खबरों पर सख्त रूख, दे दी ये चेतावनी 
गोविंदा ने भेजा सार्वजनिक नोटिस

फिल्म अभिनेता और पूर्व सांसद गोविंदा की निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रही कथित अफवाहों और भ्रामक खबरों के बीच उनकी ओर से एक सार्वजनिक नोटिस जारी की गई है. हाल ही में गोविंदा की कथित कोर्ट मैरिज को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा सामने आया, जिसमें रानी स्वर्णकार से शादी की बात कही गई है. इससे पहले गोविंदा के तलाक को लेकर भी खबरें प्रसारित हुई थीं, जिन्हें बाद में गलत बताया गया. अब गोविंदा की ओर से ऐसी खबरों और अफवाहों पर कड़ा रुख अपनाया गया है. 

गोविंदा के नोटिस की अहम बातें  

सार्वजनिक नोटिस में आम लोगों, मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी दी गई है कि गोविंदा या उनके परिवार से संबंधित कोई भी झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत या अपुष्ट सामग्री तैयार, प्रकाशित, अपलोड, प्रसारित या साझा न की जाए. नोटिस में विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली तस्वीरों, वीडियो, ऑडियो, मॉर्फ्ड इमेज, डीपफेक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार सिंथेटिक सामग्री का उल्लेख किया गया है. 

ये भी पढ़ें- गोविंदा और सुनीता आहूजा के झगड़े से परेशान भांजी आरती, कहा- लोग फुटेज लेना चाहते हैं

गोविंदा ने 100 करोड़ तक के दावे की दी चेतावनी 

गोविंदा की ओर से कहा गया है कि उनकी आवाज, तस्वीर, पहचान, समानता तथा निजी या पारिवारिक जीवन से संबंधित किसी भी सामग्री को AI अथवा डिजिटल तकनीक के माध्यम से तैयार करने, उसमें हेरफेर करने या उसका इस्तेमाल करने की कोई अनुमति नहीं दी गई है. नोटिस में मानहानि, निजता के उल्लंघन, पहचान के दुरुपयोग और साइबर अपराध से संबंधित लागू कानूनों के तहत दीवानी और आपराधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है.  ऐसे मामलों में गोविंदा की ओर से 100 करोड़ रुपये तक के दावे की चेतावनी भी दी गई है.

अफवाह फैलाने वालों के लिए अपनाया  सख्त रूख

उन्होंने यह भी कहा है कि इसके लिए कथित रूप से दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ बैंक खातों पर कार्रवाई, संपत्ति की खरीद-बिक्री पर रोक, पासपोर्ट जब्त करने और अन्य कानूनी कदम उठाने की मांग भी वे अदालत से कर सकते हैं. इसके अलावा ऐसे YouTube चैनलों और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है, जिन पर जानबूझकर भ्रामक या झूठी सामग्री प्रसारित करने का आरोप हो. गोविंदा की ओर से अपने पुराने अनुभवों का हवाला देते हुए यह आशंका भी व्यक्त की गई है कि उनकी छवि खराब करने के लिए सुनियोजित तरीके से अफवाहें फैलाई जा सकती हैं. उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं. गोविंदा की ओर से जारी सार्वजनिक नोटिस का मकसद है की उनके निजी मामले में बिना पुष्टि के खबर चलाना या तथ्य बिना जांचे सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना बंद हो. 

ये भी पढ़ें- सुनीता आहूजा का खुलासा, गोविंदा करने वाले थे दूसरी शादी, राखी सावंत से कही ये बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Govinda, Govinda Marriage, Bollywood, Sunita Ahuja
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com