दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले फायर डिपार्टमेंट ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम का निरीक्षण किया है. टीम ने एग्जिट पॉइंट्स को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है. 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ का मचअवेटेड म्यूजिकल कॉन्सर्ट होने वाला है. इसमें 70,000 से ज्यादा लोगों के जुटने की उम्मीद है. इस कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने 'फायर एनओसी' के लिए आवेदन किया था. इसके बाद अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की एक टीम ने स्टेडियम का व्यापक निरीक्षण किया.
फायर ऑफिसर मिथुन मिस्त्री के मुताबिक, वरिष्ठ फायर अधिकारियों ने स्टेडियम की व्यवस्थाओं और अस्थायी स्टेज के निर्माण का खुद जायजा लिया ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल और भीड़ को सुरक्षित बाहर निकालने की रणनीति की जांच की जा सके और समझा जा सके कि जरूरत पड़ने पर ये कितने काम की हैं.
शुरुआती निरीक्षण के दौरान आयोजकों ने बताया कि वे इस कार्यक्रम के लिए 300 से ज्यादा पोर्टेबल फायर एक्सटिंग्विशर और 50 प्रशिक्षित फायर मार्शल तैनात करने की प्लानिंग कर रहे हैं. हालांकि फायर डिपार्टमेंट ने सुरक्षा में कुछ गंभीर कमियां पाईं. उन्होंने 44 बंद एग्जिट पॉइंट्स पर कड़ी आपत्ति जताई और मांग की कि इन दरवाजों की चाबियां किसके पास होंगी और वहां कौन से सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, इसकी पूरी जानकारी दी जाए, ताकि कॉन्सर्ट के दौरान आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

Photo Credit: social media
अधिकारियों ने साफ किया कि अभी स्टेज का निर्माण बिना फाइनल क्लीयरेंस के चल रहा है. आधिकारिक 'फायर एनओसी' तभी जारी की जाएगी, जब पूरी जांच हो जाएगी और 19 या 20 नवंबर को एक 'मॉक ड्रिल' पूरी कर ली जाएगी. कॉन्सर्ट के दौरान पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, फायर डिपार्टमेंट वहां पांच गाड़ियां तैनात करेगा जिनमें दो मिनी फायर फाइटर, दो पानी के टैंकर और एक इमरजेंसी रेस्क्यू टेंडर शामिल हैं साथ ही लगभग 50 कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ें: Exclusive: फिल्मों से क्यों गायब हुए शरद कपूर? बताया 7 साल तक क्यों नहीं फेस किया कैमरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं