हाल ही में मीडिया में इस तरह की खबरें आईं कि दीपिका पादुकोण अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र 2 में नजर आने वाली हैं. जिसके बाद मनोरंजन जगत में चर्चा शुरू हो गई. अब दीपिका पादुकोण की ओर से इस खबर पर प्रतिक्रिया आई है. अब साफ हो गया है कि दीपिका पादुकोण अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र 2 में नहीं दिखेंगी. एक्ट्रेस के प्रवक्ता ने हालिया खबरों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि वह इस प्रोजेक्ट से किसी भी रूप में जुड़ी नहीं हैं.
क्या बोले एक्टर के प्रवक्ता
प्रवक्ता ने एनडीटीवी को बताया, 'हाल में आई सभी खबरें कि दीपिका पादुकोण ब्रह्मास्त्र 2 का हिस्सा हैं या इस फिल्म से किसी भी तरह जुड़ी हैं, पूरी तरह गलत हैं.' कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अयान और उनकी टीम दीपिका को अमृता के किरदार के लिए कास्ट करना चाहती हैं. लेकिन एक्ट्रेस की टीम ने अब स्पष्ट कर दिया है कि उनका इस फिल्म से कोई संबंध नहीं है.
ब्रह्मास्त्र 2 की शूटिंग
ब्रह्मास्त्र 2 में रणबीर कपूर फिर से शिव का किरदार निभाएंगे. रणबीर फिलहाल नितेश तिवारी की रामायण पार्ट 2 की शूटिंग कर रहे हैं. यह शूटिंग जनवरी 2027 तक खत्म होने की उम्मीद है. इसके बाद थोड़ी तैयारी के बाद वे 2027 में ब्रह्मास्त्र 2 की शूटिंग शुरू करेंगे.
साल 2022 में रिलीज हुई ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन – शिव में रणबीर कपूर ने शिव का किरदार निभाया था. फिल्म में आलिया भट्ट ईशा बनी थीं. अमिताभ बच्चन और नागार्जुन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे. पहली फिल्म के आखिरी में देव के बारे में रहस्य छोड़ा गया था, जिस पर अगली कड़ी आधारित होने वाली है. यह फिल्म अयान मुखर्जी के अस्त्रावर्स की शुरुआत थी और हाल के वर्षों में भारतीय फंटासी सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बनी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं