विज्ञापन

CINTAA विवाद : पूनम ढिल्लों -पद्मिनी कोल्हापुरे और उपासना सिंह-नगम आमने सामने, अब 90 लाख की FD तोड़ने का आरोप 

उपासना सिंह और नगमा ने CINTAA विवाद के बीच पूनम ढिल्लों-पद्मिनी कोल्हापुरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए 90 लाख की एफडी तोड़ने का दावा किया है. 

CINTAA विवाद : पूनम ढिल्लों -पद्मिनी कोल्हापुरे और उपासना सिंह-नगम आमने सामने, अब 90 लाख की FD तोड़ने का आरोप 
पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लों पर उपासना सिंह और नगमा का आरोप
नई दिल्ली:

सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की कमेटी को लेकर चल रहा विवाद अब संस्था के बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तक पहुंच गया है. अभिनेत्री और सिंटा की पूर्व पदाधिकारी उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर संस्था के फंड और बैंक अकाउंट को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. आईएएनएस से खास बातचीत में उपासना ने दावा किया कि उन्होंने कमेटी के भंग होने के बाद फ्रीज किए गए बैंक अकाउंट को एक्सेस किया और सिंटा की एफडी का पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया गया. 

उपासना सिंह ने लगाए आरोप

आईएएनएस से बात करते हुए उपासना ने कहा, ''हमारे पांच बैंकों में एफडी हैं और पांच बैंकों में अकाउंट हैं. जब हमारी कमेटी भंग हुई थी, तब दीपक पाराशर ट्रेजरर थे. इसलिए हमने सभी बैंकों को बताया था कि कमेटी भंग हो चुकी है. हमने उनसे कहा था कि जब नई कमेटी आए और जो भी कार्यभार संभाले, तभी अकाउंट खोले जाएं तब तक उन्हें फ्रीज रखा जाए.''

उन्होंने आगे कहा, ''अदालत का आदेश आने के बाद ही अकाउंट दोबारा खोले जाने चाहिए थे. लेकिन इसी बीच हमें पता चला कि संस्था का एक अकाउंट पहले ही खोला जा चुका था और सिंटा की एफडी से पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किया गया था. किसी संस्था की फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़ने से पहले उसके सदस्यों की सहमति जरूरी होती है. आखिर बिना सदस्यों से पूछे एफडी कैसे तोड़ी जा सकती है?''

ये भी पढ़ें- जियो हॉटस्टार पर दशहरा पर होगा रावण के अंत का आरंभ, 7वें सीजन के साथ इस दिन लौट रहा द लीजेंड्स ऑफ हनुमान

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि इस तरह के लेनदेन के लिए अधिकृत हस्ताक्षर की जरूरत होती है या नहीं, तो उपासना ने कहा, ''उन्हें अधिकृत हस्ताक्षर की जरूरत पड़ी होगी. लेकिन अकाउंट तो फ्रीज था. फिर उन्होंने क्या किया? वे ऑफिस स्टाफ से मिले. ऑफिस स्टाफ उनके साथ शामिल है. वे स्टाफ को बैंक ले गए और उन्हें स्टांप, ईमेल आईडी और ऑफिस दिखाया और केवाईसी के जरिए अकाउंट खोलने को कहा.''

इसी सिलसिले में उपासना ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे का नाम भी लिया. उन्होंने दावा किया कि पेंटल साहब, पूनम और पद्मिनी बैंक गए और संस्था से जुड़े दस्तावेज दिखाकर अकाउंट खुलवाने की प्रक्रिया कराई. संबंधित लोगों ने खुद को सिंटा की कमेटी का हिस्सा बताया, जबकि उस समय वे उन पदों पर नहीं थे. उपासना ने बताया कि संस्था के पास करीब 90 लाख रुपए की एफडी है और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए पैसा ट्रांसफर किया गया है. अभी यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितनी एफडी तोड़ी गई है. 

नगमा ने कही ये बात

वहीं, एक्ट्रेस नगमा ने भी आईएएनएस से बातचीत में सिंटा के फंड के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने खास तौर पर इस बात पर आपत्ति जताई कि कथित तौर पर एफडी तोड़कर कर्मचारियों की सैलरी देने के लिए पैसे का इस्तेमाल किया जा रहा है. नगमा ने कहा, ''लेकिन यह पैसा कलाकारों के लिए है. इसका गलत इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है? उन्होंने नया अकाउंट खोल लिया है, लेकिन नया अकाउंट खोलने का क्या मतलब है? कोर्ट ने 26 अक्टूबर की सुनवाई की तारीख दी है. अब 26 अक्टूबर तक कितना समय बचा है? हमें इसका इंतजार करना चाहिए. कोर्ट जो भी फैसला देगा, हमें उसे मानना होगा. अगर फैसला हमारे पक्ष में नहीं भी आता है, तो हम उसे स्वीकार करेंगे तब तक ऑफिस का ताला तोड़कर अंदर बैठने और एफडी तोड़ने की क्या जरूरत है?''

उन्होंने आगे कहा, ''आप कह रहे हैं कि स्टाफ को सैलरी देना जरूरी है. लेकिन यह पैसा किसका है? आप कलाकारों के पैसे से स्टाफ को सैलरी दे रहे हैं. यह सही नहीं है.'' 

ये भी पढ़ें- सासूमां की कद्र को तरसती बहू, रेखा का 38 साल पुराना गाना, अनुराधा पौडवाल की आवाज ने बनाया कल्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CINTAA, Upasana Singh, Padmini Kolhapure, Nagma, Poonam Dhillon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com