पुराने जमाने में सास का सिक्का घर परिवार पर चलता था. जबकि अब बहूओं का राज देखने को मिलता है. हालांकि इन सालों में एक बात नहीं बदली वो है सास बहू की नोंक झोंक. इसी प्यार भरी नोंकझोंक को 38 साल पुराना गाना दिखाता है. इसे अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज से कल्ट क्लासिक गानों की लिस्ट में शामिल किया. खास बात यह है कि इस गाने में सुपरस्टार रेखा ने बहू का किरदार निभाया था और बिंदू सास बनीं थीं. वहीं फारूख शेख ने रेखा के पति और बिंदू के बेटे का किरदार निभाया था, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया था. इतना ही नहीं सलमान खान की यह डेब्यू फिल्म थी. आइए आपको बताते हैं हम किस फिल्म की बात कर रहे हैं.
सास-बहू की नोंकझोंक पर बना गाना
हम बात कर रहे हैं फिल्म बीवी हो तो ऐसी के गाने सासूजी तूने मेरी कद्र ना जानी की, जो 1988 में आई थी. फिल्म की कहानी शालू और सूरज की शादीशुदा जिंदगी की है, जिसमें उसकी सासूमां कमला के साथ नोकझोंक को दिखाया गया है क्योंकि वह चाहती थी कि उसकी बहू कोई और बने. जबकि शालू एक संस्कारी बहू बनकर सास का दिल जीतने की कोशिश करती है.
सासूजी की कद्र को बयां करता अनुराधा पौडवाल का गाना
लक्ष्मीकांत प्यारेलाल द्वारा बीवी हो तो ऐसी फिल्म का म्यूजिक तैयार किया गया था. जबकि समीर अंजान ने गाने के बोल लिखे. इसका गाना सासूजी तूने मेरी कद्र ना जानी को अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज से कल्ट बनाया, जिसके बोल थे...
सासू जी तूने मेरी मेरी
सासू जी तूने मेरी
सासू जी तूने मेरी कदर ना जानी
बहू को तूने बहु ना समझा
बहू को तूने बहु ना समझा
समझा समझा नौकरानी
सासू जी तूने मेरी कदर ना जानी
सलमान खान की डेब्यू फिल्म
1988 में आई फिल्म बीवी हो तो ऐसी में रेखा, फारूख शेख और बिंदू देसाई जैसे सितारे नजर आए. लेकिन इस फिल्म में बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान भी नजर आए थे, जो कि उनकी डेब्यू फिल्म थी. IMdb के अनुसार, जेके बिहारी द्वारा निर्देशित बीवी हो तो ऐसी में जैकी श्रॉफ ने ही के. शशीलाल नायर से सलमान को अपनी फिल्म दिलाने में मदद करने के लिए कहा था. हालांकि इस फिल्म में सलमान खान की अपनी आवाज नहीं बल्कि डब की गई आवाज थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं