Bollywood Stars Who Stay Away from Social Media: बॉलीवुड के सितारों में अब सिर्फ हिट या फ्लॉप की होड़ नहीं होती. सोशल मीडिया के दौर में एक नया कॉम्पिटीशन भी पनप चुका है. ये कॉम्पिटीशन है सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करने का. जितने ज्यादा फॉलोअर्स सितारे की नाक भी उतनी ही ऊंची होती है. आलिया भट्ट, शाहरुख खान, अक्षय कुमार, श्रद्धा कपूर, बस नाम गिनते जाइए और इनके सोशल मीडिया अकाउंट आपको मिल जाएंगे. इस भीड़ में कुछ ऐसे सेलिब्रेटीज भी हैं जो सोशल मीडिया से बिलकुल दूर हैं. न रोज फोटो पोस्ट करते हैं, न फैंस के साथ लाइव आते हैं और न ही अपनी हर अपडेट सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं.
मजेदार बात ये है कि इसके बावजूद इनकी पॉपुलैरिटी में जरा भी कमी नहीं आई. इनकी फिल्म आए या सिर्फ किसी इवेंट में नजर आ जाएं, मिनटों में खबर बन जाती है. चलिए जानते हैं कौन कौन हैं ऐसे सेलिब्रेटी
यह भी पढ़ें: सलमान खान ने 'बीमार' कहने वालों को दिया करारा जवाब, 60 के भाईजान ने फोटो शेयर कर उनसे ही पूछा 'कैसी है तबीयत'
सोशल मीडिया से दूर हैं ये सेलिब्रेटी
इस लिस्ट में रणबीर कपूर, रानी मुखर्जी, सैफ अली खान, रेखा और जया बच्चन जैसे बड़े नाम शामिल हैं. करोड़ों लोग इन्हें पसंद करते हैं, लेकिन इनके नाम से कोई आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट नहीं मिलता. आमिर खान को लेकर कई बार लोगों में कन्फ्यूजन हो जाता है.
इंस्टाग्राम पर आमिर खान प्रोडक्शंस का अकाउंट जरूर है, लेकिन आमिर का अपना ऑफिशियल पर्सनल अकाउंट नहीं है. वहीं रणबीर कपूर एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि अगर उनका कोई अकाउंट है भी, तो वो वेरिफाइड या पब्लिक नहीं है. यानी वो सोशल मीडिया पर रहकर भी सामने नहीं आना चाहते.
लिस्ट वायरल हुई तो लोगों ने भी दे दिए मजेदार रिस्पॉन्स
जैसे ही इन सितारों की लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, कमेंट सेक्शन में लोगों की बाढ़ आ गई. किसी ने लिखा कि अक्षय खन्ना का नाम भी इसमें होना चाहिए. कुछ यूजर्स का कहना था कि ये सभी स्टार जरूर कोई प्राइवेट या फेक अकाउंट इस्तेमाल करते होंगे, बस उसे पब्लिक नहीं करते.
वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में जया बच्चन और रेखा को लेकर भी कमेंट किए. कई यूजर्स ने ये भी लिखा कि इन सितारों को इंस्टाग्राम की जरूरत ही क्या है? इन्हें लोग फिल्मों, इंटरव्यू और सालों के शानदार काम की वजह से जानते हैं, न कि रील और स्टोरी की वजह से.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं