'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' का दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफर जारी है. फिल्म ने महज 11 दिनों में दुनियाभर में 147.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इसी के साथ यह फिल्म दुनियाभर में अब तक की 7वीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. भारतीय सिनेमा के लिए वैश्विक स्तर पर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए, फिल्म ने पिछले वीकेंड दुनियाभर में 55.7 मिलियन डॉलर की शानदार ओपनिंग की थी. इसके साथ ही फिल्म ने दिवाली के मौके पर किसी भारतीय फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
इस जबरदस्त शुरुआत के बाद भी फिल्म ने ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. दूसरे वीकेंड में फिल्म ने दुनियाभर में 38.1 मिलियन डॉलर का शानदार कलेक्शन किया. खास बात यह है कि पहले वीकेंड के मुकाबले फिल्म की कमाई में महज 34% की गिरावट दर्ज की गई, जो बॉक्स ऑफिस पर इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाता है. वीकडेज में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ दर्शकों और समीक्षकों से मिल रही बेहतरीन प्रतिक्रिया ने फिल्म की रफ्तार को लगातार बनाए रखा है.

भारतीय सिनेमा को दुनियाभर तक पहुंचाने की एक बड़ी पहल
भारत के बाहर फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रिब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल रहे सोनी पिक्चर्स ने रामायण:राइज ऑफ ए लीजेंड को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. यह किसी भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे लार्ज स्केल इंटरनेशनल थिएट्रिकल रिलीज में से एक है. फिल्म को 130 से ज्यादा देशों और 17 डब भाषाओं में दर्शकों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है.
फिल्म की अंतरराष्ट्रीय रिलीज की शुरुआत 37 विदेशी बाजारों से हुई थी, जो अब बढ़कर 43 बाजारों तक पहुंच चुकी है. पिछले वीकेंड छह नए देशों और क्षेत्रों में फिल्म रिलीज हुई. फिल्म ने इंडोनेशिया (573 हजार डॉलर), कंबोडिया (286 हजार डॉलर) और मेक्सिको में किसी भारतीय फिल्म के लिए रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग दर्ज की है. यह उपलब्धि अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय कहानियों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाती है.

Photo Credit: Instagram
प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी फिल्म ने अब तक शानदार कमाई की है. इनमें अमेरिका और कनाडा में 24 मिलियन डॉलर, यूके में 5.5 मिलियन डॉलर, यूएई में 4.7 मिलियन डॉलर, ऑस्ट्रेलिया में 4.2 मिलियन डॉलर, थाईलैंड में 1.5 मिलियन डॉलर, मलेशिया में 1.4 मिलियन डॉलर और जर्मनी में 1.1 मिलियन डॉलर का कलेक्शन शामिल है.
फिल्म का वैश्विक थिएट्रिकल सफर अभी जारी है. आने वाले दिनों में यह कई अहम अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज होने वाली है. 19 नवंबर को ब्राजील, इटली, यूक्रेन और हंगरी, जबकि 20 नवंबर को पोलैंड में फिल्म रिलीज होगी. इसके बाद 26 नवंबर को अर्जेंटीना, मध्य अमेरिका, कोलंबिया, इक्वाडोर, पेरू और चेकिया में भी फिल्म दर्शकों तक पहुंचेगी. इसके अलावा फिल्म चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी थिएट्रिकल रिलीज की तैयारी कर रही है. इन देशों में रिलीज के साथ फिल्म की वैश्विक पहुंच और बढ़ेगी और यह भव्य महागाथा और भी ज्यादा दर्शकों तक पहुंचेगी.
यह भी पढ़ें: FIR, भाभी जी घर पर हैं एक्टर की आपबीती, कोविड के दौरान लगा एक्टर बन गलती की
रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग, बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहुंच के साथ रामायण:राइज ऑफ ए लीजेंड भारतीय सिनेमा के लिए वैश्विक स्तर पर एक नया बेंचमार्क स्थापित कर रही है. यह फिल्म भारत की सबसे प्रिय और प्रतिष्ठित महागाथाओं में से एक को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचा रही है. रामायण:राइज ऑफ ए लीजेंड को प्राइम फोकस स्टूडियोज ने मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस और DNEG के सहयोग से प्रस्तुत किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में फिल्म का डिस्ट्रिब्यूशन सोनी पिक्चर्स रिलीजिग ने किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं