आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आने वाली हिंदी फिल्म 'उड़ता तीर' फिलहाल नेपाल में नहीं दिखाई जाएगी. नेपाल की मिनिस्ट्री ऑफ कम्यूनिकेशन और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ने इसका प्रसारण को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ये फैसला नेपाल के सेंट्रल फिल्म सेंसर बोर्ड की समीक्षा के बाद लिया गया. बोर्ड के मुताबिक फिल्म देश के सिनेमा लॉ के एक प्रावधान का उल्लंघन करती है. हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि आखिर फिल्म के किस हिस्से या पहलू के कारण यह फैसला लिया गया.
नेपाल में क्यों रोकी गई 'उड़ता तीर'?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनिस्ट्री के ऑडियो-विजुअल एंड ब्रॉडकास्टिंग डिवीजन की तरफ से एक लेटर जारी किया गया. इसमें बताया गया कि नेपाली कैलेंडर के अनुसार अश्विन 19, 2083 को सेंट्रल फिल्म सेंसर बोर्ड ने फिल्म की समीक्षा की थी. समीक्षा के बाद बोर्ड ने पाया कि फिल्म का निर्माण नेशनल सिनेमा (प्रोडक्शन, एग्जीबिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन) एक्ट, 2026 की धारा 8(3) के अनुरूप नहीं है. बोर्ड के इसी निष्कर्ष के आधार पर मंत्रालय ने नेपाल में फिल्म को न दिखाने का फैसला लिया है.
यह भी पढ़ें | Udta Teer Trailer Review: इंडिया की जासूसी करने पाकिस्तान से आए आयुष्मान खुराना, बन बैठे भारत देशप्रेमी
क्या है 'उड़ता तीर' की कहानी?
'उड़ता तीर' की कहानी बिलाल अहमद नाम के एक पाकिस्तानी जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार आयुष्मान खुराना निभा रहे हैं. बिलाल भारत आता है, लेकिन एक एक्सीडेंट के बाद उसकी याददाश्त चली जाती है. इसके बाद वो गलती से खुद को भारतीय जासूस समझने लगता है. ट्रेलर लॉन्च के दौरान अपने किरदार के बारे में पूछे जाने पर आयुष्मान खुराना ने कहा कि यह किरदार स्क्रिप्ट का हिस्सा था और एक अभिनेता के तौर पर वह कहानी की मांग के मुताबिक काम करने के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने फिल्म को स्पाई कॉमेडी, पैट्रियोटिक कॉमेडी और अलग-अलग जॉनर का कॉम्बिनेश बताया. उनके मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट शानदार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं