फिल्म ‘हनुमान अंश' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है. नीम करोली बाबा की जिंदगी से प्रेरित इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. फिल्म की सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. इसी बीच खबरें सामने आईं कि बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार ‘हनुमान अंश' के सीक्वल में नजर आ सकते हैं. अब फिल्म की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने इन खबरों पर सफाई दी है.
अक्षय कुमार को लेकर क्या है सच्चाई?
दरअसल, कुछ समय पहले अनुप्रिया नागर ने अक्षय कुमार को अपना पसंदीदा एक्टर बताया था. इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या अक्षय कुमार फिल्म के दूसरे पार्ट में दिखाई देंगे, तो उन्होंने कहा था कि इसका जवाब ‘महाराज जी' देंगे. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि शायद अक्षय कुमार ‘हनुमान अंश 2' का हिस्सा बन सकते हैं.
लेकिन अब अनुप्रिया नागर ने इन अटकलों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है. अंग्रेजी वेबसाइट इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार उन्होंने कहा कि उन्होंने अक्षय कुमार को लेकर पार्ट 2 में कास्ट किए जाने की कोई बात नहीं कही थी. उनके मुताबिक, अक्षय कुमार के फिल्म में होने की खबर गलत है.
सीक्वल पर शुरू हो चुका है काम
‘हनुमान अंश' के दूसरे पार्ट को लेकर मेकर्स पहले ही संकेत दे चुके हैं. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने सितंबर में बताया था कि फिल्म के सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है. कहानी में नीम करोली बाबा के जीवन के आगे के हिस्से को दिखाने की तैयारी है. मेकर्स ने पहले ही बताया था कि ‘हनुमान अंश' को एक ट्रिलॉजी के तौर पर बनाने का प्लान है. दूसरे पार्ट में बाबा के जीवन से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण पहलुओं को दिखाया जा सकता है.
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर किया कमाल
‘हनुमान अंश' की शुरुआत बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन धीरे-धीरे फिल्म को दर्शकों का सपोर्ट मिलने लगा. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के बाद इसकी कमाई में तेजी आई. फिल्म में शोभिनव सतैया ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है. चंदन आनंद भी अहम भूमिका में नजर आए हैं.
फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा और लोगों के साथ उनके जुड़ाव के इर्द-गिर्द घूमती है. रिलीज के बाद फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली और यह एक बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलता बनकर सामने आई.
ये भी पढ़ें; ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्मों के ये 5 गाने, जो आज भी जिंदगी जीने का तरीका सिखाते हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं