ऐश्वर्या राय जिन्हें प्यार से उनके फैंस गुल्लू भी बुलाते हैं, अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं. अपने फिल्मी करियर में उन्होंने हर तरह के किरदार निभाए हैं. उनकी फिल्मों के किरदारों की बात करें तो कभी उनकी आंखों में प्यार दिखता है, कभी प्यार के दूर होने का दर्द और कभी जुनून जो बदलते मौसम जैसा असर छोड़ता है. लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि उनकी कुछ फिल्मों के गानों में मौसम भी एक किरदार की तरह मौजूद है? कहीं सावन के झूले हैं, कहीं तेज हवा के झोके, कहीं आग जैसी तपिश तो कहीं बहार और खिले हुए फूल.
इन सबमें एक चीज जो खास और कॉमन है जो मौसम है. आज हम आपको उनकी 6 फिल्मों के बारे में बताएंगे जिनकी कहानी से लेकर के गानों तक सभी हुट हुए. इन गानों का मौसम से खास कनेक्शन था. तो चलिए आपको बताते हैं वो 6 फिल्में जिसमें मौसम से जुड़े गीतों का एक दिलचस्प कनेक्शन भी है.
देवदास
संजय लीला भंसाली की साल 2002 में आई फिल्म जिसमें ऐश्वर्या राय ने पारो का किरदार निभाया था. इस फिल्म की कहानी के साथ इसके सभी गाने भी हिट हुए थे. फिल्म का संगीत इस्माइल दरबार ने तैयार किया था. वहीं फिल्म का एक गाना काहे छेड़ का संगीत बिरजू महाराज ने तैयार किया था. 9 गानों के इस साउंडट्रैक में एक गाना था 'सिलसिला ये चाहत का' जिसमें बारिश में ऐश्वर्या देवदास के वापस आने पर डांस करती हैं. इस गाने को श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज से सजाया था.

गुरु
साल 2007 में आई फिल्म गुरु का निर्देशन मणि रत्नम ने किया था. ये कहानी एक गुजराती कारोबारी की थी. फिल्म में ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन ने लीड रोल प्ले किया था. फिल्म में ऐश्वर्या ने सुजाता का किरदार निभाया था. इस फिल्म का गाना 'बरसो रे' का शूट असली बारिश में किया गया था. इस गाने को साउथ के कई हिस्सों में शूट किया गया था. गाने के बोल गुलजार ने लिखे थे. संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया था. बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार , लगभग 11,50,000 यूनिट्स की बिक्री के साथ, इस फिल्म का साउंडट्रैक एल्बम उस साल का बारहवां सबसे ज्यादा बिकने वाला एल्बम था.

Photo Credit: Wikipedia
हम दिल दे चुके सनम
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' साल 1999 में रिलीज हुआ थी. इस फिल्म की कहानी और संगीत दोनों के बीच प्रकृति की झलक देखने को मिलती है. फिल्म के साउंडट्रैक में 11 गाने थे. जिसमें 'चांद छुपा बादल में', 'झोंका हवा का' जैसे गाने शामिल थे. यानी गानों में हर नेचर को दिखाया गया है. इस फिल्म के साउंडट्रैक के बोल महबूब कोतवाल ने लिखे थे और संगीत इस्माइल दरबार ने दिया था. साउंडट्रैक में कविता कृष्णमूर्ति , अलका याग्निक , कुमार सानू , उदित नारायण , हरिहरन , विनोद राठौड़ , सुल्तान खान , शंकर महादेवन , केके और अन्य कलाकारों की आवाजें शामिल हैं. बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार फिल्म के साउंडट्रैक की 35 लाख कैसेट बिकीं जो उस साल का तीसरा सबसे ज्यादा बिकने वाला एल्बम था.
यह भी पढ़ें | 33 साल पुराना वो गाना जिसमें नाना पाटेकर ने पहली बार किया था डांस, अजीज-सुदेश की आवाज में एवरग्रीन

Photo Credit: Wikipedia
ताल
सुभाष घई की फिल्म ताल साल 1999 में आई थी. इस फिल्म में 'कहीं आग लगे लग जावे' मौसम को एक अलग अंदाज देता है. गाने में आग, गगन, जंगल और कुदरत की तस्वीरें हैं और इसे ऐश्वर्या पर फिल्माया गया था. फिल्म के साउंडट्रैक में 12 गाने थे. फिल्म के गाने आनंद बख्शी ने लिखे थे और साउंडट्रैक ए.आर.रहमान का था. फिल्म में ऐश्वर्या राय, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर ने अभिनय किया था. ये एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म थी, जो अपने समय के सुपरहिट थी.

Photo Credit: Wikipedia
रावण
साल 2010 में मणि रत्नम के निर्देशन में बनी फिल्म रावण का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया था और इसके बोल गुलजार ने लिखे थे. फिल्म में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, विक्रम, गोविंदा, निखिल द्विवेदी, रवि किशन और प्रियामणि ने काम किया था. फिल्म में छह गाने हैं. रावण फिल्म का गाना 'बहने दे' पानी और बहती प्रकृति के बीच फिल्माया गया. यह गाना केरल के अथिराप्पिल्ली झरनों के खूबसूरत लोकेशन पर ऐश्वर्या और अभिषेक पर शूट हुआ था.

Photo Credit: Wikipedia
मोहब्बतें
आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म मोहब्बतें साल 2000 में रिलीज हुई थी. फिल्म में शाहरूख खान, अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय,
जिमी शेरगिल, उदय चोपड़ा, प्रीति झंगियानी और शमिता शेट्टी ने काम किया था. फिल्म के साउंडट्रैक में 7 गाने थे. सभी गाने के बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे और इसका संगीत जतिन-ललित ने तैयार किया था. इस फिल्म के गानों में भी मौसम को बखूबी दिखाया गया है.

Photo Credit: Wikipedia
इस तरह इन छह फिल्मों को जोड़ें तो ऐश्वर्या के गानों में सावन, बादल, हवा, आग, बहती धारा और बहार यानी मौसम और प्रकृति के कई रंग एक साथ नजर आते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं