विज्ञापन

ना मर्डर मिस्ट्री ना सीरियल किलर, 4 सीजन, 32 एपिसोड, IMDB रेटिंग 9, गांव की मिट्टी और रिश्तों की महक ने बनाया OTT का नंबर वन शो

OTT पर एक ऐसी सीरीज है जिसमें ना कोई मर्डर मिस्ट्री है और ना ही कोई सीरियल किलर. इसके 4 सीजन में 32 एपिसोड आ चुके हैं. IMDb पर 9 रेटिंग है. गांव और रिश्तों की महक ने इस नंबर वन बनाया है. जानते हैं नाम.

ना मर्डर मिस्ट्री ना सीरियल किलर, 4 सीजन, 32 एपिसोड, IMDB रेटिंग 9, गांव की मिट्टी और रिश्तों की महक ने बनाया OTT का नंबर वन शो
OTT की वो वेब सीरीज जिसकी IMDb रेटिंग 9, लेकिन कहानी सीधे-सादे गांव की
IMDb
नई दिल्ली:

OTT पर अक्सर ऐसी वेब सीरीज चर्चा में रहती हैं, जिनमें मर्डर मिस्ट्री, क्राइम, सस्पेंस, गैंगवार या सीरियल किलर की कहानी होती है. लेकिन एक ऐसी सीरीज भी है, जिसने बिना किसी बड़े अपराध, सनसनीखेज ट्विस्ट या खून-खराबे के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. गांव की सादगी, रिश्तों की मिठास, राजनीति, पंचायत और रोजमर्रा की जिंदगी को पर्दे पर उतारने वाली 'पंचायत' आज भारतीय वेब सीरीज की सबसे पसंदीदा शो में गिनी जाती है. चार सीजन, 32 एपिसोड और गांव की जिंदगी से जुड़ी ऐसी कहानी, जिसे देखने के बाद दर्शकों को अपने आसपास के लोगों और माहौल की याद आ जाती है. यही प्राइम वीडियो की इस सीरीज की सबसे बड़ी ताकत है.

पंचायत की कहानी

वेब सीरीज की कहानी उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा की है, जहां इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अभिषेक त्रिपाठी को नौकरी के बेहतर विकल्प नहीं मिलने के कारण पंचायत सचिव की नौकरी करनी पड़ती है. शहर में पढ़ाई और करियर के सपने देखने वाला अभिषेक जब गांव पहुंचता है, तो उसे बिजली, पानी, सड़क, पंचायत की राजनीति, गांव के लोगों की सोच और छोटी-छोटी समस्याओं से जूझना पड़ता है. गांव में बिताया उसका समय धीरे-धीरे सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं रहता. प्रधान, प्रधान पति, पंचायत सहायक, उपप्रधान और गांव के दूसरे लोगों के साथ उसके रिश्ते बदलने लगते हैं. कहानी में सरकारी योजनाओं, गांव की राजनीति, प्रेम, दोस्ती, बेरोजगारी और ग्रामीण व्यवस्था को हास्य के साथ दिखाया गया है. यही वजह है कि दर्शकों को फुलेरा सिर्फ एक काल्पनिक गांव नहीं, बल्कि अपने किसी परिचित गांव जैसा लगता है.

4 सीजन में 32 एपिसोड, IMDb पर 9 रेटिंग

'पंचायत' की शुरुआत 3 अप्रैल 2020 को हुई थी. इसके अब तक चार सीजन आ चुके हैं और कुल 32 एपिसोड हैं. इस सीरीज को IMDb पर 9.0 की शानदार रेटिंग मिली हुई है, जो इसकी लोकप्रियता और दर्शकों के प्यार को दिखाती है. सीरीज का पहला सीजन दर्शकों को फुलेरा और उसके किरदारों से परिचित कराता है. आगे के सीजन में कहानी के साथ-साथ किरदारों की निजी जिंदगी, गांव की राजनीति और रिश्तों में भी बदलाव देखने को मिलता है. चौथे सीजन में पंचायत चुनाव की लड़ाई, प्रधान और भूषण के खेमों के बीच टकराव और अभिषेक के भविष्य को लेकर कहानी आगे बढ़ती है.

रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और जितेंद्र कुमार जैसे शानदार कलाकार

'पंचायत' की कामयाबी में इसकी स्टार कास्ट का बड़ा योगदान है. सीरीज में जितेंद्र कुमार अभिषेक त्रिपाठी के किरदार में हैं. उनकी सादगी, चेहरे के भाव और गांव की परिस्थितियों से परेशान एक पढ़े-लिखे युवा की भूमिका दर्शकों को खूब पसंद आई है. वहीं नीना गुप्ता मंजू देवी, रघुबीर यादव प्रधान जी, फैसल मलिक प्रहलाद चाचा और चंदन रॉय विकास के किरदार में दिखाई देते हैं. इनके अलावा सान्विका, दुर्गेश कुमार, सुनीता राजवर, अशोक पाठक और पंकज झा समेत कई कलाकारों ने फुलेरा की दुनिया को जीवंत बनाया है. दिलचस्प यह है कि किसी एक कलाकार की बजाय पंचायत की पूरी टीम की एक्टिंग इस शो की जान है.

टीवीएफ ने बनाई गांव की दुनिया

'पंचायत' को द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने बनाया है. इसके क्रिएटर दीपक कुमार मिश्रा और चंदन कुमार हैं. कहानी और स्क्रीनप्ले की खासियत यह है कि गांव की छोटी घटनाओं को भी दिलचस्प तरीके से पेश किया जाता है. सीरीज में ड्रामा है, लेकिन वह जरूरत से ज्यादा भारी नहीं होता. कॉमेडी है, लेकिन किरदारों का मजाक उड़ाने के बजाय उनके जीवन से निकलती है. अगर आपने अब तक ‘पंचायत' नहीं देखी है, तो इसके चारों सीजन अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हैं.

बता दें कि पंचायत सीजन 5 प्राइम वीडियो पर 3 दिसंबर को रिलीज होने जा रहा है. सीारीज का ट्रेलर पहले से ही सुर्खियां बटोर रहा है क्योंकि फुलेरा को नई प्रधान मिल गई है, ऐसे में मिजाज बदलना तो बनता ही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Panchayat, Panchayat Season 5, Panchayat Season 5 Trailer, OTT News, Web Series
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com