इन दिनों आपको कई जगहों पर रामलीला के पंडाल लगे दिख जाएंगे. जिसमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और रावण के किरदारों को मंच पर उतरते देखा होगा. देश के अलग-अलग राज्यों में रामलीलाएं होती हैं. लेकिन आज हम दिल्ली की एक रामलीला की बात करेंगे जिसमें शूर्पणखा के किरदार में नजर आ रही एक लड़की का डांस सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. नवयुवक आदर्श रामलीला कमेटी, रोहतास नगर, शाहदरा की रामलीला में लड़की ने 70 के दौर के फेमस गाने 'जा रे जा ओ हरजाई' पर डांस किया. ये गाना 50 साल पुरानी फिल्म 'कालीचरण' का है, जिसे लंता मंगेशकर ने अपनी आवाज से खास बना दिया था. रामलीला के मंच पर पुराने बॉलीवुड गानों पर इस तरह के डांस लोगों का ध्यान खींचते है और मनोरंजन के बदलते अंदाज को भी दिखाती है.
रामलीला में शूर्पणखा के किरदार ने क्यों खींचा ध्यान?
रामायण की बात करें तो इसमें शूर्पणखा का जिक्र उस समय आता है, जब वो वन में राम और लक्ष्मण से मिलती है. लक्ष्मण उनकी नाक काट देते हैं और उसके बाद कहानी आगे बढ़ती है. रामलीला में शूर्पणखा वाले इस किस्से को अलग-अलग अंदाज में पेश किया जाता है. रोहतास नगर, शाहदरा की रामलीला में शूर्पणखा बनी लड़की का 'जा रे जा ओ हरजाई' पर हुआ डांस चर्चा में बना हुआ है.
यह भी पढ़ें | रामायणम् के विश्वामित्र ने बताया फिल्म के सेट का माहौल, गलती होने पर क्या करते थे नितेश तिवारी
लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड हुआ था गाना
साल 1976 में रिलीज हुई फिल्म कालीचरण का गाना 'जा रे जा ओ हरजाई' को रीना रॉय पर फिल्माया गया था. इस गाने में उनके साथ शत्रुघन सिन्हा भी नजर आए थे. गाने का संगीत कल्याणजी-आनंदजी ने तैयार किया और इसके बोल इंद्रजीत सिंह तुलसी ने लिखे थे और गाने को लता मंगेशकर ने आवाज के जादू से सदाबहार बना दिया था. गाने में रीना रॉय पंजाबी गेटअप में डांस करते नजर आईं. गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी इस गाने में लड़कियां खूब डांस करती हैं. गाने के बोल इस प्रकार हैं-
हो
जा रे जा
जा रे जा ओ हरजाई देखी तेरी दिलदारी
दिल दे कर मैं कर बैठी दिल के दुश्मन से यारी
तुझको आँखों में भर के -२
मर गई मैं तुझपे मर के
पत्थर की पूजा कर के हारी मैं हारी
जा रे जा
जा रे जा ओ हरजाई देखी तेरी दिलदारी
दिल दे कर मैं कर बैठी दिल के दुश्मन से यारी
बॉक्स ऑफिस पर छाया फिल्म का जादू
फिल्म कालीचरण में शत्रुघ्न सिन्हा, रीना रॉय, अजीत, डैनी डेन्जोंगपा और प्रेम नाथ जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म का निर्देशन सुभाष घई ने किया था और इसे प्रोड्यूस किया था एन. एन. सिप्पी ने. फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपराधियों तक पहुंचने के लिए अपनी पहचान बदल लेता है. शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्म में दोहरा रोल प्ले किया था. रीना रॉय ने फिल्म में सपना का किरदार निभाया था. बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 2.25 करोड़ रुपये था और इसे हिट बताया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं