बॉलीवुड में कुछ गाने सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि पूरे परिवार की यादों का हिस्सा बन जाते हैं. शादी, रिश्ते, हंसी-मजाक और घर के हर सदस्य की पहचान को एक गीत में पिरोने वाला ऐसा ही गाना है 'सुनो जी दुल्हन एक बात सुनो जी (Sunoji Dulhan Ek Bat Sunoji).' करीब 11 मिनट 38 सेकंड लंबे इस गाने में 5 गायकों की आवाज सुनाई देती है. 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'हम साथ-साथ हैं (Hum Saath-Saath Hain)' का यह गाना आज भी शादी और पारिवारिक समारोहों में खूब पसंद किया जाता है. करीब 27 साल बाद भी इस गाने की लोकप्रियता की वजह इसका अनोखा अंदाज, मजेदार बोल और भारतीय परिवारों से जुड़ी भावनाएं हैं.
कौन हैं सितारे, क्या थी फिल्म की कहानी
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी हम साथ-साथ हैं भारतीय पारिवारिक सिनेमा की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में से एक रही है. फिल्म में सलमान खान, करिश्मा कपूर, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे और मोहनीश बहल जैसे सितारे नजर आए थे. इनके अलावा आलोक नाथ, रीमा लागू और नीलम ने भी अहम भूमिका निभाई थी. फिल्म की कहानी रामकिशन और उनके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां भाइयों का प्यार, रिश्तों की अहमियत, शादी, त्याग और पारिवारिक एकता को दिखाया गया है. फिल्म का सबसे खास पहलू यह था कि इसमें किसी पारंपरिक विलेन के बजाय भावनाओं और परिवार के भीतर आने वाले उतार-चढ़ाव को केंद्र में रखा गया.
5 सिंगर्स की आवाज, 11 मिनट 38 सेकंड का गाना
'सुनो जी दुल्हन एक बात सुनो जी' फिल्म के सबसे अनोखे गानों में से एक है. इस गाने में रूप कुमार राठौड़, प्रतिमा राव, उदित नारायण, कविता कृष्णमूर्ति और सोनू निगम की आवाज है. गाने का संगीत राम-लक्ष्मण ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल रविंद्र रावल ने लिखे थे. गाने में नई दुल्हन को परिवार के अलग-अलग सदस्यों से मिलवाया जाता है. हर किरदार अपने अंदाज, आदतों और व्यक्तित्व के जरिए सामने आता है. कहीं सास की शॉपिंग और सजने-संवरने की बातें हैं, तो कहीं देवर की शरारतें और बड़े देवर का शर्मीला स्वभाव. यही वजह है कि यह गाना केवल संगीत नहीं, बल्कि फिल्म की कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाता है.
बजट और बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन
हम साथ-साथ हैं 5 नवंबर 1999 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म का बजट बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक 15 करोड़ रुपये था, जबकि इसकी इंडिया नेट कमाई लगभग 41 करोड़ रुपये दर्ज की गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं