421 दिन से एक वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर छाई हुई है. इस सीरीज के अभी तक 3 सीजन आ चुके हैं और इनमें 29 एपिसोड आए हैं. इसका पहला सीजन 2018 में आया था और तीसरा सीजन 2024 में. इसके डायलॉग से लेकर कैरेक्टर तक खूब पसंद किए गए. हाल ही में इस पर बनी फिल्म सिनेमाघरों में आई और इसने भौकाल काट दिया. अब तो आप हमारा इशारा समझ ही गए होंगे. हम बात कर रहे हैं मिर्जापुर सीरीज की. जिसकी सीरीज जितनी हिट रही, उतनी ही हिट इसकी मूवी भी रही. जिसने 80 करोड़ के बजट में लगभग 270 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. लेकिन वेब सीरीज का जादू ही है कि ये 421 दिन से अमेजन प्राइम वीडियो टॉप 10 में जगह बनाए हुए है.
मिर्जापुर, कलाकार से डायलॉग तक सब धांसू
भारत में प्राइम वीडियो के टॉप 10 टीवी शोज की सूची में 'मिर्जापुर' पांचवें स्थान पर है. 15 सितंबर की टॉप 10 की लिस्ट में 'द रिवोल्यूशनरीज' पहले, 'रीचर' दूसरे और 'द ट्रेटर्स' तीसरे स्थान पर रहे. चौथे स्थान पर 'लायोनेस' है, जबकि पांचवें पायदान पर 'मिर्जापुर' का नाम है. इसके बाद 'आदर्श बाल विद्यालय', 'अवर यूनिवर्स', 'अ लव अदर दैन योर्स', 'ऑफ कैंपस' और 'हार्टबीट्स: प्यार और अरमान' रहे.
'मिर्जापुर' 2018 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी. पंकज त्रिपाठी के कलीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना त्रिपाठी ने दर्शकों को पूर्वांचल के उस देसी अंडरवर्ल्ड से रूबरू कराया, जहां कालीन के कारोबार के पीछे हथियार और नशा का साम्राज्य चलता है. सीजन 1 ने तहलका मचाया, सीजन 2 ने इसे और विस्तार दिया और 2024 में आया सीजन 3 प्राइम वीडियो इंडिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया. अब सीजन 4 की तैयारी चल रही है.
मूवी का भी भौकाल
इसी बीच सितंबर 2026 में ‘मिर्जापुर: द मूवी' सिनेमाघरों में आई है. थिएटर में कलीन भैया और गुड्डू पंडित को बड़े पर्दे पर देखकर दर्शक पुराने सीजन दोबारा देख रहे हैं. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का भौकाल है और 11 दिनों में भारत में नेट कलेक्शन 190 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुकी है जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 270 करोड़ रुपये पहुंच चुका है.
कालीन भैया की जानलेवा चुप्पी, गुड्डू का गुस्सा, मुन्ना की महत्वाकांक्षा और रमाकांत पंडित परिवार की मजबूरी दर्शकों को बांधे रखती है. पूर्वांचल की बोली, माहौल और सत्ता के खेल ने इसे आम दर्शक के करीब लाने का काम किया. 'मिर्जापुर' फ्रैंचाइजी भारत के साथ दुनिया के 85 से ज्यादा देशों के टॉप 10 में जगह बना चुकी है. आईएमडीबी पर इसकी रेटिंग 8.4 है. इसकी लोकप्रियता का ही नतीजा है कि 'भौकाल' शब्द अब सिर्फ शो का नहीं, पूरे फ्रैंचाइजी का प्रतीक बन चुका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं