बॉलीवुड के पुराने गानों की बात करें तो उनमें प्यार को जताने का तरीका बहुत ही दिलचस्प हुआ करता है. अपनी महबूबा की तारीफ करने के लिए कभी उसे चांद कहां जाता था, तो कभी उसे मैना बनाकर खुद तोता बन जाते थे. आज हम आपको एक ऐसे ही मजेदार और चुलबुले गाने के बारे में बताएंगे जो 38 साल पहले आया था. जिसमें हीरो अपनी हिरोईन को मैना और खुद को तोता बताता है. इस गाने के मजेदार बोल और गाने का वीडियो देखने में आज भी बड़ा मजेदार लगता है. तो चलिए आपको बताते हैं इस गाने के बारे में, जिसमें अपना प्यार जाहिर करने के लिए बिल्कुल अलग ही तरीका अपनाया गया.
तोता-मैना के बहाने शुरू हुई प्यार की नोकझोंक
हम बात कर रहे हैं साल 1988 में आई फिल्म 'पाप की दुनिया' का जिसका निर्देशन शिबू मित्रा ने किया था. इस फिल्म में चंकी पांडे और नीलम पर फिल्माया गया गाना 'मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना' अपने चुलबुले अंदाज के लिए जाना जाता है. इस गाने को किशोर कुमार और एस. जानकी ने अपनी आवाज से सजाया था. बप्पी लाहिड़ी के संगीत और अनजान के लिखे बोलों वाला यह गाना आज भी 80 के दशक के मस्ती भरे फिल्मी रोमांस की याद दिलाता है. इस गाने में दोनों के बीच छेड़छाड़ और नोकझोंक दिखाई दी. 'मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना' जैसी लाइनें अपने प्यार के इजहार के लिए मजाकिया और चुलबुले अंदाज में पेश किया गया है. यही अंदाज इसे उस दौर के रोमांटिक-मस्ती वाले गानों से जोड़ता है. गाने के बोल कुछ इस तरह थे-
मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना
मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना, माने ना क्यूँ कहना?
फूलों की जैसी तेरी जवानी
फूलों की जैसी तेरी जवानी, जाने क्या जादू चला
मेरा दिल तोता बन जाए, कैसा मिट्ठू-मिट्ठू बोले, हाए
मेरा दिल तोता बन जाए, कैसा मिट्ठू-मिट्ठू बोले, हाए
ना तू है तोता, ना मैं हूँ मैना, मानूँगी ना कहना
ना तू है तोता, ना मैं हूँ मैना, मानूँगी ना कहना
जानू मैं जानूँ बातें बना के
जानू मैं जानूँ बातें बना के, तू कैसा चक्कर चलाए
क्यूँ दिल तोता बन जाए, कहे मिट्ठू-मिट्ठू बोले, हाए
क्यूँ दिल तोता बन जाए, कहे मिट्ठू-मिट्ठू बोले, हाए
'पाप की दुनिया' में सिर्फ रोमांस नहीं, एक्शन भी था
फिल्म पाप की दुनिया सिर्फ एक रोमांटिक फिल्म नहीं थी, बल्कि इसमें एक्शन भी खूब देखने को मिला था. फिल्म असल में एक एक्शन-क्राइम ड्रामा थी. जिसका निर्देशन शिबू मित्रा ने किया था और कहानी राम केलकर ने लिखी थी. इस फिल्म में चंकी पांडे और नीलम कोठारी के साथ सनी देओल, प्राण, डैनी डेन्जोंगपा और शक्ति कपूर जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म में सनी देओल ने सूरज/अशोक का किरदार निभाया था, जबकि नीलम ने आरती और चंकी पांडे ने इंस्पेक्टर विजय का रोल प्ले किया था. डैनी डेन्जोंगपा ने पाशा और प्राण ने जेलर शमशेर का किरदार निभाया था. फिल्म में रोमांस के साथ क्राइम, पुलिस और रिश्तों को भी दिखाया गया था.
ये फिल्म थिएटर्स में 19 मार्च 1988 को रिलीज हुई थी. आज जब 80 के दशक के बॉलीवुड गानों की बात होती है, तो 'मैं तेरा तोता, तू मेरी मैना' अपनी सीधी-सादी प्यार भरी नोकझोंक और किशोर कुमार-एस. जानकी की आवाज के कारण उस दौर की खास यादों में शामिल नजर आता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं