बात जब 70 और 80 के दशक के गानों की होती है तो उस समय पर बॉलीवुड की कई जोड़ियां ऐसी थी जिन्होंने लोगों के दिलो में अपनी एक अलग ही छाप छोड़ी. आज हम एक ऐसी ही जोड़ी की बात करेंगे जिसने साल 1974 पर एक ऐसा गाना दिया, जिसका असर करीब दो दशक बाद भी दिखाई देता है. किशोर-लता की आवाज ने इस गाने को एक अलग ही पहचान दिलाई.
शशि कपूर का खुल्लमखुल्ला चैलेंज
साल 1974 में पर्दे पर शशि कपूर और मुमताज की जोड़ी का गाना आया 'ले जाएंगे, ले जाएंगे, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे'. फिल्म थी 'चोर मचाए शोर'. इस गाने की खासियत इसका संगीत, बोल के साथ ही शशि और मुमताज की केमिस्ट्री जो दर्शकों को बेहद पसंद आई. इस गाने में शशि कपूर ने अपनी गर्लफ्रेंड के पिता के सामने ही उनकी बेटी को अपने साथ ले जाने का ऐलान कर दिया था.
चोर मचाए शोर की कहानी
'चोर मचाए शोर' में शशि कपूर ने विजय शर्मा का किरदार निभाया था, जो मुमताज के किरदार रेखा से प्यार करता है. रेखा के पिता जगदीश इस रिश्ते के खिलाफ होते हैं. क्योंकि वो अपनी बेटी की शादी एक अमीर घराने में करना चाहते हैं. 'चोर मचाए शोर' खुद भी उस दौर की बड़ी सफल फिल्मों में रही और 1974 की बॉक्स ऑफिस रैंकिंग में दूसरे स्थान पर बताई जाती है. बॉलीवुड हंगामा के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का भारत में कलेक्शन करीब 3 करोड़ रुपये रहा.
रविंद्र जैन का संगीत और किशोर-आशा की आवाज
इस गाने का संगीत रविंद्र जैन ने तैयार किया था और इसके बोल इंदरजीत सिंह तुलसी ने लिखे थे. इस गाने को किशोर और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से सजाया था. गाने की खासियत थी इसके बोलों का एक अंदाज, जो अपने दिल की बात खुलेआम तो करता है, लेकिन पूरी तहजीब में. ये कोई प्रेम गीत नहीं था, बल्कि प्रेमी का लड़की के पिता से सीधे मुकाबले वाला मजेदार ऐलान था. यही वजह है कि गाना फिल्म की कहानी से भी जुड़ता है और अपने आप में भी याद रह जाता है.
गाने के टाइटल पर बनी
'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' गाने में प्रेमी सीधे लड़की के पिता को चुनौती देता है कि पैसे वाले देखते रह जाएंगे और वह दुल्हन को ले जाएगा. इस गाने की इस लाइन पर चलकर ही शाहरूख खान और काजोल की फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' का नाम रखा गया था. साल 1995 में आदित्य चोपड़ा की फिल्म का नाम रखने को लेकर के बातें चल रही थी. तभी किरण खेर ने इस गाने को याद करते हुए फिल्म का नाम दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे सजेस्ट किया था. यह नाम फिल्म की कहानी पर भी बिल्कुल फिट बैठता था. यानी 1974 में शशि कपूर और मुमताज पर फिल्माया गया एक चुलबुला गाना 21 साल बाद शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी वाली फिल्म का नाम है.
ये Video भी देखें: द ट्रेटर्स 2 के विनर्स के खास बातचीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं