विज्ञापन

नीतीश कुमार के सामने ही निशांत कुमार को CM बनाने के लगे नारे, मुख्यमंत्री ने साधी चुप्पी

एनडीटीवी से बात करते हुए नीतीश कुमार के बेहद करीबी और एमएलसी संजय गांधी ने कहा कि निशांत कुमार में सीएम बनने के सभी गुण मौजूद हैं और इसलिए कार्यकर्ता नीतीश कुमार के सामने नारेबाज़ी करके अपनी भावना व्यक्त कर रहे थे .

नीतीश कुमार के सामने ही निशांत कुमार को CM बनाने के लगे नारे, मुख्यमंत्री ने साधी चुप्पी
नीतीश के सामने जब निशांत को सीएम बनाने के लगे नारे
NDTV

बिहार के सीएम नीतीश कुमार आज राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ लेने के बाद पटना वापस लौट चुके हैं. माना जा रहा है कि 13 या 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे देंगे. इसके बाद बीजेपी के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ़ हो जाएगा . अब सबकी नज़र इस बात पर है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा. ये तो अब तय है कि नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी बीजेपी से होगा , लेकिन जेडीयू के कार्यकर्ताओं को ये बात अभी भी नागवार गुज़र रही है . इसकी एक बानगी शुक्रवार को देखने को मिली जब नीतीश कुमार वापस पटना जाने के लिए अपने घर से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो रहे थे .

एयरपोर्ट जाने के लिए जैसे ही नीतीश कुमार अपने घर से बाहर निकले , वहां बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारा लगाना शुरू कर दिया . कार्यकर्ता नीतीश के सामने ही ये नारा लगाने लगे कि उनके बेटे निशांत कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए . नारा लगा - ' बिहार का सीएम कैसा हो , निशांत कुमार जैसा ही ' . 

कार्यकर्ता केवल यहीं तक नहीं रुके . कुछ कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार से यहां तक गुहार लगाई कि वो अपने फ़ैसले को वापस ले लें क्योंकि उन्होंने सही फ़ैसला नहीं किया है. एनडीटीवी से बात करते हुए नीतीश कुमार के बेहद करीबी और एमएलसी संजय गांधी ने कहा कि निशांत कुमार में सीएम बनने के सभी गुण मौजूद हैं और इसलिए कार्यकर्ता नीतीश कुमार के सामने नारेबाज़ी करके अपनी भावना व्यक्त कर रहे थे . हालांकि गांधी के मुताबिक़ नए सीएम को लेकर अंतिम फ़ैसला एनडीए के सभी शीर्ष नेता करेंगे . 

वैसे तो नीतीश कुमार के घर पर मौजूद ज़्यादातर कार्यकर्ता इस बात को मान चुके हैं कि अब सरकार का नेतृत्व बीजेपी करेगी लेकिन वो ये कहकर अपने आपको एक दिलासा देते दिखे कि अगली सरकार के कामकाज पर नीतीश कुमार की निगरानी होगी और उनके मार्गदर्शन में ही सरकार काम करेगी . उन्हें ये भी भरोसा है कि अगली सरकार उन्हीं कामों को आगे बढ़ाएगी जिसपर नीतीश कुमार अबतक काम कर रहे थे . 

यह भी पढ़ें: 'चुनाव में NDA के लोगों ने झूठ बोला..': नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर तेजस्वी यादव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com