15 अप्रैल को बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली . इसके साथ ही बिहार की राजनीति में पिछले 20 सालों से चला आ रहा नीतीश युग ख़त्म हो गया . ये जानना दिलचस्प है कि आख़िर कैसे सत्ता का हस्तांतरण इतनी आसानी से हो गया ? नीतीश कुमार को अपने उत्तराधिकारी के बारे में जानकारी आखिर कब मिली ? इस बात की जानकारी 13 अप्रैल को ही सामने आ गई थी कि अगले दिन यानि 14 अप्रैल को दोपहर 3.15 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल ले ज ( रि ) अता हसनैन से मिलकर अपना इस्तीफ़ा सौंप देंगे .
इसके साथ ही ख़बर आई कि नीतीश कुमार के इस्तीफ़ा देने के तुरंत बाद पहले बीजेपी विधायक दल और फिर शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी . बीजेपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पहले ही विधायक दल की बैठक का पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया था जो 14 अप्रैल को सुबह क़रीब 11 बजे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ विशेष चार्टर्ड विमान से पटना पहुंच गए .
इस्तीफ़े से महज आधे घंटे पहले दी गई जानकारी
चौहान के पटना पहुंचते ही ये फ़ैसला किया गया कि बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाक़ात करेंगे . नीतीश कुमार से समय मांगा गया और दोपहर 2.45 बजे यानि उनके इस्तीफ़े से महज 30 मिनट पहले उनसे मिलने मुख्यमंत्री निवास पहुंच गए शिवराज सिंह चौहान . पुख़्ता सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया है कि यहीं पर पहली बार नीतीश कुमार को ये जानकारी दी गई कि नए मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की पसंद कौन है . इस मुलाक़ात के दौरान ही चौहान ने नीतीश को बताया कि राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बीजेपी अगले मुख्यमंत्री के तौर पर बिठाना चाहती है . चौहान ने नीतीश से उनकी राय भी जानना चाहा जिसपर नीतीश ने अपनी मंजूरी दे दी और उसके बाद दोपहर 3.15 बजे अपना इस्तीफ़ा सौंपने राज्यपाल से मिलने पहुंचे .
निशांत को मिल सकता है संगठन में पद
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर भी कई तरह की अटकलें लग रही हैं . जेडीयू के आला सूत्रों ने बताया कि निशांत कुमार ने ख़ुद ही सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला किया और उसकी जगह संगठन में काम करने की इच्छा जताई . सूत्रों के मुताबिक़ निशांत कुमार को आनेवाले दिनों में पार्टी संगठन में कोई ज़िम्मेदारी दी जा सकती है .
यह भी पढ़ें: बिहार में मंत्रालयों के भी 'चौधरी' बने सम्राट... क्या JDU अब सिर्फ 'सहयोगी' भर रह गई?
यह भी पढ़ें: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सत्ता के शिखर तक का सफर कुछ यूं किया तय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं