- बिहार परिवहन विभाग ने गाड़ियों पर लिखे जाति सूचक शब्द हटाने के लिए एक महीने का समय दिया है.
- नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम के तहत दो हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा.
- ट्रैफिक पुलिस एक महीने के बाद विशेष अभियान चलाकर गाड़ियों पर जाति सूचक शब्दों की सख्ती से जांच करेगी.
Fine For Caste Sticker: गाड़ी पर जातिसूचक लिखा दिखा तो जुर्माना भरना पड़ेगा. बिहार में परिवहन विभाग ने गाड़ियों पर लिखे जातिसूचक शब्दों को हटाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत नियम का उल्लंघन करने वाले वाहन के चालकों से दो हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा. परिवहन विभाग के निर्देश में कहा गया है कि सभी वाहन मालिक एक महीने के अंदर अपने वाहनों से जाति सूचक शब्द या स्टीकर हटा लें. इस एक महीने की अवधि समाप्त होने के बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर इसकी सख्ती से जांच की जाएगी.
मोटर वाहन अधिनियम के तहत लगेगा 2 हजार का जुर्माना
निर्देश में यह भी कहा गया कि नियम का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 177 व 179 के तहत दो हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा. विभाग ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे इस दिशा में ध्यान दें और कानूनी परेशानी से बचें. मालूम हो कि भारत में गाड़ियों पर जातिसूचक लिखवाने या उससे जुड़ा स्टीकर लगाने का चलन है.

बिहार में AI कैमरों से कटेगा चालान
जातिसूचक शब्दों को हटाने वाली सख्ती के साथ-साथ बिहार में एआई कैमरों से लैस ट्रैफिस मैनेजमेंट सिस्टम पर भी तेजी से काम चल रहा है. इसके लिए राज्यभर में करीब 700 स्थानों पर लगाए एआई कैमरों से लैस इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि ITMS के लिए नए स्थल चयन का काम जल्द शुरू होगा.
परिवहन विभाग ने सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों (डीटीओ) को इसके लिए स्थलों की पहचान करने का निर्देश दिया है. राज्य परिवहन आयुक्त (एसटीसी) ने डीटीओ को पहले से चयनित स्थलों के अलावा अन्य संभावित जगहों को भी चिन्हित करने के लिए कहा है.
AI वाले कैमरों से क्या होगा?
इस तकनीक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले कैमरों के साथ फेसियल रिकग्निशन और सर्विलांस की भी व्यवस्था होगी जो चेहरों की भी पहचान कर सकेंगे. इससे बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का तो चालान कटेगा ही, अपराधियों की निगरानी में भी तेजी आएगी.
यह भी पढ़ें - गाड़ी से महंगा तो चालान निकला! नई रसीद काटने के लिए पुलिस ने स्प्लेंडर को रोका तो जब्त कर ली बाइक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं