विज्ञापन

मैथिली ठाकुर का छठ गीत, बाजन बाजे शहनैया में दिखी व्रत की सादगी, व्रती वाली महिला की छठी मैया से की ये गुहार

मैथिली ठाकुर ने अपने छठ गीत के साथ फैन्स को एक खास तोहफा दिया है. अगर आप भी इस व्रत के बारे में ज्यादा जानने चाहते हैं और इसकी महिमा समझने चाहते हैं तो मैथिली के इस छठ गीत को सुन सकते हैं.

मैथिली ठाकुर का छठ गीत, बाजन बाजे शहनैया में दिखी व्रत की सादगी, व्रती वाली महिला की छठी मैया से की ये गुहार
मैथिली ठाकुर ने रिलीज किया छठ गीत
Social Media
नई दिल्ली:

छठ महापर्व के मौके पर लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने एक सुरीला और भक्ति से सजा गीत शेयर किया है. "बाजन बाजे शहनैया" नाम से आया यह गीत सिर्फ एक गीत नहीं बल्कि बिहार और मिथिलांचल की लोक आस्था, सादगी और श्रद्धा का जीवंत रूप है. YouTube पर रिलीज हुए इस गीत में मैथिली की मीठी, कोमल और भावपूर्ण आवाज सुनकर दिल में छठ की यादें ताजा हो जाती हैं. बाजन बाजे शहनैया एक ट्रेडिशनल छठ गीत है. इसमें व्रती के मन के भाव और छठी मइया से की गई विनती को बहुत सादगी से जाहिर किया गया है.

इस गीत में व्रत रखने वाली महिला परिवार की खुशहाली, बच्चों की रक्षा और सुख-समृद्धि के लिए छठी मइया से प्रार्थना करती नजर आती है. मैथिली ठाकुर ने इसे बिना किसी भारी म्यूजिक या शोर-शराबे के, बहुत शांत और पारंपरिक अंदाज में गाया है. वीडियो में भी वे सादगी भरे देसी अवतार में नजर आती हैं जो गीत की आत्मीयता को और बढ़ा देता है. मैथिली की आवाज यूं भी फैन्स के दिलों में बसती है. इस बीच यह गीत सुनते ही घर-आंगन में छठ की तैयारियां, सूप में भरा प्रसाद, घाट पर खड़ी महिलाएं और सूर्य को अर्घ्य देते हुए भक्ति का माहौल याद आ जाता है. मैथिली की आवाज में लोक संगीत की वह मिठास और भक्ति का भाव है जो सुनने वाले को सीधे छू लेता है.

कौन हैं मैथिली ठाकुर?

मैथिली ठाकुर बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी की रहने वाली हैं. संगीत उनके परिवार की परंपरा रही है. उनके पिता रमेश ठाकुर शास्त्रीय संगीत के जानकार और शिक्षक हैं और उन्होंने ही मैथिली को बचपन से संगीत सिखाया. मैथिली अपने भाइयों ऋषभ और अयाची के साथ अक्सर गाया करती थीं. उन्होंने छोटी उम्र से ही लोक, शास्त्रीय और भक्ति संगीत में अपनी जगह बनाई. 2017 में रियलिटी शो "राइजिंग स्टार" में रनर-अप रहने के बाद उनकी पॉपुलैरिटी तेजी से बढ़ी. आज वे मैथिली, भोजपुरी, हिंदी और कई दूसरी भाषाओं में गीत गाती हैं. छठ गीत, सोहर, कजरी, भजन और राम भक्ति के गीत उनके चैनल पर लाखों लोग सुनते हैं. मैथिली को 2021 में संगीत नाटक अकादमी ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया. वे बिहार की संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रही हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja Song, Maithili Thakur, Hindi Songs, Entertainment News, Bollywood News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com