बिहार सीएम नीतीश कुमार की यात्रा में अड़चन डालने के मामले में महिला अधिकारी के खिलाफ एक्शन लिया गया है. सरकार ने सीतामढ़ी जिले के डुमरा अंचल की अंचलाधिकारी डोली कुमारी को निलंबित कर दिया है. उनके खिलाफ गंभीर लापरवाही और आदेशों की अवहेलना के आरोप लगे हैं. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने मामले में एक्शन लिया. सरकार के अपर सचिव अरविंद कुमार द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान डोली कुमारी ने व्यवधान पैदा किया था. साथ ही उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लेना उचित नहीं समझा.
रेवेन्यू कलेक्शन से भी जुड़ा है मामला
पिछले महीने मार्च में महालेखाकार बिहार एवं विभाग के स्पष्ट आदेश की अवहेलना करते हुए उन्होंने आवंटन व्यय और उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर समर्पित नहीं किया. राजस्व संग्रहण में भी भारी लापरवाही बरती गई, जिससे राज्य के वित्तीय प्रबंधन में अवरोध उत्पन्न हुआ.

डोली कुमारी
कई अहम मामलों में लापरवाही बरतने की बात
उच्च न्यायालय के अतिक्रमण हटाने के आदेश को भी ठीक से पालन नहीं किया गया. जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी लापरवाही सामने आई. निलंबन के दौरान डोली कुमारी का मुख्यालय पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है. विभाग ने उनके खिलाफ अलग से विभागीय कार्रवाई का आदेश भी जारी करने की बात कही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं