विज्ञापन

न थाने में पेश हुए, ना ही कराया हथियारों का वेरिफिकेशन; अब कोर्ट ने भी अनंत सिंह को नहीं दी राहत

अनंत सिंह और इस केस के अन्य आरोपियों के पास थाने में पेश होने के बाद आज शाम 5 बजे तक का समय है. अगर वे खुद या उनका कोई प्रतिनिधि समय पर पेश नहीं होता है तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. पढ़ें मुकेश की यह रिपोर्ट.

न थाने में पेश हुए, ना ही कराया हथियारों का वेरिफिकेशन; अब कोर्ट ने भी अनंत सिंह को नहीं दी राहत
'छोटे सरकार' के नाम से मशहूर JDU विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं. (फाइल फोटो)
IANS

Gopalganj News: बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. शुक्रवार को गोपालगंज की विशेष अदालत ने चर्चित 'अवैध हथियार और अश्लील डांस' वायरल वीडियो मामले में विधायक को अग्रिम जमानत देने से फिलहाल इनकार कर दिया है. कोर्ट के इस रुख के बाद अब 20 मई की तारीख अनंत सिंह के सियासी और कानूनी भविष्य के लिए निर्णायक साबित होगी.

MP-MLA कोर्ट ने तलब की केस डायरी

अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई एडीजे-3 सह MP-MLA स्पेशल कोर्ट के जज राजेंद्र कुमार पांडे की अदालत में हुई. बचाव पक्ष के वकील राजेंद्र पाठक ने अपनी दलीलें पेश कीं, लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल कोई भी राहत देने से मना कर दिया. कोर्ट ने पुलिस से इस मामले की केस डायरी (Case Diary) तलब की है और सुनवाई के लिए 20 मई की अगली तिथि निर्धारित की है.

क्या है पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत 2-3 मई को मीरगंज के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन (जनेऊ) संस्कार कार्यक्रम से हुई थी. इस समारोह में अनंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे. कार्यक्रम के अगले दिन दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. पहले वीडियो में समर्थकों और नर्तकियों के बीच अश्लील डांस और नोट उड़ाने के दृश्य थे. जबकि दूसरे वीडियो में AK पैटर्न वाले हथियार लहराते हुए लोग नजर आ रहे थे. इसी वीडियो में विधायक के बगल में बैठे एक शख्स के पास AK पैटर्न की राइफल भी दिखाई दी थी.

FIR में 9 नामजद, पुलिस के सामने नहीं हुए हाजिर

इस मामले में गोपालगंज साइबर सेल के सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने मीरगंज थाने में FIR दर्ज कराई थी, जिसमें अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सहित 9 लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस कप्तान ने सभी आरोपियों को अपने हथियारों के सत्यापन के लिए आज (15 मई) तक का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक न तो विधायक और न ही अन्य आरोपी या ना ही कोई प्रतिनिधि थाने में हाजिर हुए हैं.

कोर्ट में समर्थकों का भारी जमावड़ा

कोर्ट से राहत न मिलने और पुलिस के अल्टीमेटम की समय सीमा समाप्त होने के बाद, अब सबकी निगाहें गोपालगंज पुलिस के अगले कदम पर टिकी हैं. यदि 20 मई को भी कोर्ट से राहत नहीं मिलती है, तो बाहुबली विधायक की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ सकती है. फिलहाल, गोपालगंज कोर्ट परिसर में वकीलों और समर्थकों का भारी जमावड़ा देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- अनंत सिंह पर आज कोर्ट का बड़ा फैसला, AK पैटर्न केस में फंसेंगे या मिलेगी राहत? हथियारों की जांच करेगी पुलिस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh Cases, Chote Sarkar Bihar, Anant Singh Case Update, Anant Singh Kand, Anat Singh Update News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com