Chhapra Mein Chhat Manayenge Chhath Song: छठ महापर्व आते ही भोजपुरी गानों की धूम सुनाई देने लगती है. घरों से लेकर छठ घाटों तक छठी मैया के गीत गूंजने लगते हैं. लेकिन कुछ गाने ऐसे होते हैं, जो हर साल इस पर्व पर लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं. ऐसा ही एक गाना है भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) और काजल राघवानी (Kajal Raghwani) का 'छपरा में छठ मनाएंगे (Chhapra Mein Chhat Manayenge)'. साल 2018 में रिलीज हुआ यह गाना आज भी लोगों के बीच खूब पसंद किया जाता है. जी म्यूजिक भोजपुरी पर मौजूद इस वीडियो को अब तक 11 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है.
यह भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव का नया छठ गीत 'जोड़े जोड़े फलवा' रिलीज, ठेकुआ से पूजा तक छठ महापर्व की देखें महिमा
खेसारी-काजल की जोड़ी ने मचाया था धमाल
'छपरा में छठ मनाएंगे' गाने में खेसारी लाल यादव की आवाज और काजल राघवानी की मौजूदगी ने खूब रंग जमाया था. दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री और स्टेज शो वाला अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया. यही वजह रही कि रिलीज के बाद यह गाना तेजी से लोकप्रिय हुआ और छठ के मौके पर इसकी मांग लगातार बनी रही. गाने के बोल प्यारे लाल यादव कवि जी और आजाद सिंह ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत आशीष वर्मा ने तैयार किया है.
यह भी पढ़ें: 'दउरा सजाये लागल' छट गीत रिलीज, छठी मईया की भक्ति में डूबी प्रियंका सिंह, साक्षी झा ने की पूजा-अर्चना
हावड़ा से छपरा तक पैदल जाने की बात
इस गाने की सबसे खास बात इसके बोल हैं. इसमें एक प्रवासी बिहारी अपनी नई नवेली पत्नी के साथ छठ मनाने के लिए हावड़ा से छपरा लौटने की बात करता है. गाने में छठ की तैयारियों से जुड़े कई ऐसे सीन और बातें हैं, जिनसे बिहार और पूर्वांचल के लोगों को अपने घर और गांव की याद आ जाती है.
घाट पर बेदी बनाना, चननी तानना, गन्ना लाना और घर में ठेकुआ बनाने की तैयारी जैसे जिक्र इस गाने को खास बनाते हैं. इसके अलावा ‘छपरा में छठ मनाएंगे…ठीक है' वाला अंदाज भी लोगों को खूब पसंद आता है. यही वजह है कि गाने की कई लाइनें आज भी सोशल मीडिया पर स्टेटस और शॉर्ट्स में सुनाई देती हैं.
यहां देखें छपना में छठ मनाएंगे
हर छठ पर क्यों वायरल होता है यह गाना?
छठ सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों परिवारों की भावनाओं से जुड़ा महापर्व है. खासकर दूसरे शहरों में रहने वाले प्रवासी परिवारों के लिए छठ अपने घर, गांव और परिवार के पास लौटने का मौका होता है. खेसारी लाल यादव का यह गाना इसी भावना को खूबसूरती से सामने लाता है. इसमें घर लौटने की खुशी, पत्नी के साथ पहला छठ मनाने का उत्साह और छठी मैया की पूजा की तैयारियां दिखाई देती हैं. यही वजह है कि कई साल पुराना होने के बावजूद यह गाना हर छठ पर लोगों की प्लेलिस्ट में जगह बना लेता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं