विज्ञापन

कल्पना पटवारी की 'छठ गीतमाला' में 5 भाषाओं के 7 छठगीत, मैथिली से भोजपुरी तक लोकसंस्कृति की झलक

Kalpana Patowary Chhath Geet: छठ महापर्व पर कल्पना पटवारी खास संगीतमय सौगात लाई हैं. उनकी नई प्रस्तुति 'छठ गीतमाला' में बिहार की पांच भाषाओं के सात पारंपरिक छठ गीत सुनने को मिलेंगे.

कल्पना पटवारी की 'छठ गीतमाला' में 5 भाषाओं के 7 छठगीत, मैथिली से भोजपुरी तक लोकसंस्कृति की झलक
Kalpana Patowary Chhath Geet: छठ महापर्व पर कल्पना पटवारी की छठ गीत माला रिलीज, 5 भाषा में 7 गाने
youtube
नई दिल्ली:

Kalpana Patowary Chhath Geet Mala: छठ महापर्व के मौके पर लोकगायिका कल्पना पटवारी अपने चाहने वालों के लिए एक खास संगीतमय सौगात लेकर आई हैं. उनकी नई प्रस्तुति 'छठ गीतमाला' में बिहार की पांच भाषाओं के सात पारंपरिक छठगीत सुनने को मिलेंगे. मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका के इन गीतों के जरिए कल्पना पटवारी बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति और छठ महापर्व की परंपराओं को सुरों में पिरोने जा रही हैं. इस गीत माला के दो वीडियो दो दर्शकों के बीच खूब पसंद किए जा रहे हैं. 

यह भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव का नया छठ गीत 'जोड़े जोड़े फलवा' रिलीज, ठेकुआ से पूजा तक छठ महापर्व की देखें महिमा

भोजपुरी सिंगर कल्पना पटवारी की इस छठ गीतमाला की सबसे खास बात यह है कि इसमें बिहार की पांच अलग-अलग भाषाओं के पारंपरिक गीत शामिल किए गए हैं. मैथिली के चारि पहर राति जल थल सेविहुं' और कातिक मास इजोरिया से इसकी शुरुआत होगी. वहीं भोजपुरी के जगत के पालक दीनानाथ और दरसन माँगीला तोहार हे गंगा मैया जैसे छठ गीत भी सुनने को मिलेंगे.

इसके अलावा मगही भाषा का छोटी मुटी मालिन बेटी के भुइयां लोटे केस, अंगिका का छठि मइया अइतई अंगनमा सजन हम करबई बरतिया और बज्जिका का रिमझिम बुन्दवा बरसि गेल ओरियानी मोती चूए भी इसमें शामिल हैं.

असम की कल्पना का बिहार की लोकसंस्कृति से खास लगाव

कल्पना पटवारी का जन्म असम में हुआ, लेकिन बिहार की लोकसंस्कृति और यहां की गौरवशाली परंपराओं से उनका गहरा जुड़ाव है. उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग से राष्ट्रीय कला पुरस्कार मिलने के बाद भी उनकी इच्छा बिहार की सांस्कृतिक विरासत के लिए काम करने की थी.

कल्पना पटवारी के मुताबिक, एक ही गायिका द्वारा बिहार की 5 भाषाओं में 7 छठ गीतों की प्रस्तुति एक दुर्लभ प्रयास है. उनका मानना है कि बिहार की पौराणिक, ऐतिहासिक और लोक-सांस्कृतिक विरासत में काम करने की अपार संभावनाएं हैं. वह आगे भी अपनी क्षमता के अनुसार बिहार की संस्कृति के लिए योगदान देना चाहती हैं.

हृदय नारायण झा की पुस्तक से चुने गए छठगीत

इस विशेष गीतमाला के लिए गीतों का संकलन हृदय नारायण झा की पुस्तक 'छठ गीत (सर्वसौभाग्यदायकम्)' से किया गया है. यह पुस्तक इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज यानी इन्टैक की ओर से छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए तैयार किए गए डोजियर में भी शामिल है.

इस पुस्तक में छठ महापर्व के पौराणिक और लोक महत्व के साथ बिहार की अलग-अलग भाषाओं में प्रचलित पारंपरिक और स्वरचित छठगीतों को संकलित किया गया है. ऐसे में कल्पना पटवारी की यह प्रस्तुति सिर्फ छठ के गीतों का संग्रह नहीं, बल्कि बिहार की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को सामने लाने की एक कोशिश भी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kalpana Patowary, Chhath Puja 2026, Chhath Songs, Chhath Geet, Bhojpuri Cinema
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com