चालान पेंडिंग छोड़ना अब काफी महंगा पड़ सकता है. पटना ट्रैफिक पुलिस नहीं चाहती कि आप अपने गाड़ियों पर होने वाले चालान को नजरअंदाज करें, क्योंकि ऐसा करना अब पटना के वाहन चालकों को काफी भारी पड़ने वाला है. बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले और चालान न भरने वाले के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू करते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशासन ने ऐसे वाहन मालिकों की पहचान कर ली है जिन पर कई सारे पुराने चालान पेंडिंग हैं और उन्होंने अभी तक जुर्माने की राशि नहीं भरी है. इस बड़ी कार्रवाई का उद्देश्य ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराना और ई-चालान (e-challans) को गंभीरता से न लेने वाले लोगों पर लगाम कसना है. इस बड़ी कार्रवाई का मुख्य आधार पेंडिंग चालान की संख्या को बनाया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन वाहन चालकों के पास 5 या उससे अधिक पुराने चालान पेंडिंग हैं, उन्हें अब गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं, जिसमें सीधे उनका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होना भी शामिल है. इस सख्त प्रक्रिया को अमल में लाने के लिए पटना ट्रैफिक पुलिस ने जिला परिवहन अधिकारी (DTO) को एक आधिकारिक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें उन आदतन अपराधियों के लाइसेंस रद्द करने की मांग की गई है जिन्होंने बार-बार नियम तोड़ने के बाद भी अपने पेंडिंग चालान की राशि का भुगतान नहीं किया है.
करीब 500 वाहन चालकों की हुई पहचान
पटना ट्रैफिक पुलिस ने अक्टूबर 2026 तक ऐसे 493 वाहन चालकों की पहचान की है, जिन पर 5 या उससे अधिक चालान हो चुके हैं और उन्होंने अभी तक एक भी जुर्माना नहीं भरा है. पुलिस ने अब इन सभी चालकों के लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव परिवहन विभाग को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए भेज दिया है. यहां ये ध्यान रखना जरूरी है कि इन चालकों के लाइसेंस अभी रद्द नहीं किए गए हैं. परिवहन विभाग पहले इन सभी मामलों का बारीकी से वेरिफिकेशन करेगा और उसके बाद ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
ऑनलाइन कैसे चेक करें अपना पेंडिंग चालान?
- सबसे पहले आधिकारिक e-Challan वेबसाइट पर जाएं.
- होमपेज पर दिए गए "Check Challan Status" विकल्प पर क्लिक करें.
- अब अपना वाहन नंबर (vehicle number), चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करें.
- स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा (CAPTCHA) कोड को दर्ज कर वेरिफिकेशन पूरा करें.
- इसके बाद "Get Details" पर क्लिक करें.
- स्क्रीन पर आपके वाहन से जुड़े सभी पेंडिंग चालान और उनके भुगतान का स्टेटस दिखाई दे जाएगा.
अगर गलत चालान कट जाए, तो क्या करें?
कई बार तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य वजह से गलत चालान भी कट जाता है, लेकिन ऐसे में घबराने या इसे नजरअंदाज करने के बजाय आपको कुछ स्टेप्स को फॉलो करना चाहिए.
सबसे पहले आधिकारिक e-Challan पोर्टल पर विजिट करें.
- अपने वाहन या चालान की डिटेल्स दर्ज करें.
- चालान के साथ दी गई नियम उल्लंघन की फोटो और डिटेल्स की अच्छे से जांच करें.
- अगर चालान गलत है, तो वहीं दिए गए Grievance ऑप्शन का इस्तेमाल करें.
- अपनी बेगुनाही से जुड़े दस्तावेज या सबूत (जैसे कार की सही फोटो या जीपीएस लोकेशन) वहां अपलोड करें.
- शिकायत दर्ज करने के बाद आप ऑनलाइन ही अपनी कंप्लेंट का स्टेटस भी ट्रैक कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें | 100 KM की रेंज, बैटरी निकाल कर घर या ऑफिस में चार्ज.. Vespa के 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं