Neeraj Chopra vs Arshad Nadeem, CWG 2026 Telecast Details: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक बार फिर जैवलिन थ्रो के दो सबसे बड़े नाम आमने-सामने होंगे. भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा आठ साल बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में वापसी कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम भी पदक के प्रबल दावेदार हैं. ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के मुकाबले पर दुनिया भर के खेल प्रेमियों की नजरें रहेंगी. अगर दोनों क्वालिफिकेशन राउंड पार कर लेते हैं तो फाइनल में एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है.
2018 के गोल्ड के बाद मैदान में उतरेंगे नीरज
नीरज चोपड़ा ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में 86.47 मीटर का थ्रो फेंककर गोल्ड मेडल जीता था. इसके बाद चोट के कारण वह 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाए थे. अब आठ साल बाद वह फिर से इस प्रतियोगिता में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर लौटे हैं.
30 जुलाई को होगा क्वालिफिकेशन
पुरुषों के जैवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन मुकाबले 30 जुलाई को भारतीय समयानुसार दोपहर 2:55 बजे शुरू होंगे. भारत की ओर से नीरज चोपड़ा के अलावा यशवीर सिंह और रोहित यादव भी चुनौती पेश करेंगे. अगर नीरज और दूसरे भारतीय खिलाड़ी क्वालिफिकेशन पार कर लेते हैं तो फाइनल 31 जुलाई की रात 12:45 बजे (1 अगस्त) खेला जाएगा.
90 मीटर का आंकड़ा पार कर चुके हैं नीरज
नीरज चोपड़ा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है. उन्होंने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था. मौजूदा विश्व चैंपियन नीरज इस समय दुनिया के सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले जैवलिन थ्रोअर्स में शामिल हैं.
'पहली प्राथमिकता गोल्ड मेडल है'
पीटीआई से बातचीत में नीरज चोपड़ा ने कहा कि वह किसी खास दूरी के पीछे नहीं भागते. उनके लिए सबसे अहम लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना है. उन्होंने कहा, "मुझे किसी तरह का दबाव महसूस नहीं होता. मेरी कोशिश हमेशा अपने प्रदर्शन में सुधार करने की रहती है. बड़े टूर्नामेंट में सबसे बड़ी चुनौती गोल्ड मेडल जीतना होती है. दूरी उसके बाद आती है."
फिर होगी नीरज और अरशद नदीम की टक्कर
पिछले कुछ वर्षों में नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम के बीच मुकाबले ने जैवलिन थ्रो को नई पहचान दी है. दोनों बड़े मंच पर कई बार आमने-सामने आ चुके हैं. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी अगर दोनों खिलाड़ी फाइनल में पहुंचते हैं तो एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है.
भारत में कहां देखें लाइव?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सीधा प्रसारण भारत में Sony Sports Network पर किया जाएगा. वहीं जैवलिन थ्रो समेत सभी एथलेटिक्स मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
नीरज चोपड़ा का पूरा शेड्यूल
पुरुष जैवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन
तारीख - 30 जुलाई (गुरुवार)
समय - दोपहर 2:55 बजे (IST)
पुरुष जैवलिन थ्रो फाइनल (क्वालिफाई करने पर)
तारीख: 31 जुलाई (1 अगस्त की शुरुआत)
समय: रात 12:45 बजे (IST)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं