विज्ञापन
This Article is From Dec 08, 2013

दिल्ली में 52 करोड़पति विधायकों ने मारी बाजी

नई दिल्ली:

करोड़पति नेताओं के चुनाव जीतने की बात करें तो साड्डी दिल्ली ने चारों राज्यों में बाजी मारी है और यहां 70 सदस्यीय विधानसभा में कम से कम 52 करोड़पति विधायक हैं।

हालांकि मध्य प्रदेश और राजस्थान में करोड़पति विधायकों की संख्या ज्यादा हो सकती है, लेकिन यहां विधानसभा सीटों की संख्या भी क्रमश: 230 और 200 है। ऐसे में प्रतिशत के हिसाब से दिल्ली के करोड़पतियों का आंकड़ा बाकी राज्यों से बहुत अधिक है। छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य संख्या 90 है।

चार राज्यों में हुए चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। दिल्ली के विजेता विधायकों में से तीन चौथाई की संपत्ति करोड़ों में है जबकि राजस्थान में दो तिहाई विधायक करोड़पति हैं और मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में इनकी संख्या और भी कम है।

दिल्ली के नवनिर्वाचित करोड़पति विधायकों में से आधे से ज्यादा भाजपा के हैं और बाकी कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी के हैं। इनमें हर्षवर्धन, अरविंद केजरीवाल शामिल हैं, जो बड़े अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वियों से जीते हैं।

घोषित संपत्ति के अनुसार दिल्ली विधानसभा के सबसे रईस विधायक मजिन्दर सिंह सिरसा हैं। शिरोमणि अकाली दल के सिरसा के पास 235.51 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वह राजौरी गार्डन सीट से विजयी रहे हैं।

दिल्ली में कुल 265 करोड़पति उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मध्य प्रदेश में इनकी संख्या 370, राजस्थान में 346 और छत्तीसगढ़ में 213 थी। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स ने यह जानकारी दी।

2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उतरे प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 3.43 करोड़ रुपये थी। पिछले चुनाव के मुकाबले यह लगभग दोगुनी है। 2008 में यह आंकड़ा 1.77 करोड़ रुपये था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विधानसभा चुनाव 2013, Assembly Polls 2013, Assembly Elections 2013, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2013, Delhi Assembly Elections 2013