उधमपुर. जम्मू-कश्मीर के मेडिकल हिस्ट्री में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है. उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल (कमांड हॉस्पिटल) ने राज्य का पहला 'मल्टी-ऑर्गन रिट्रीवल' (अंगदान के लिए अंग निकालना) सफलतापूर्वक पूरा किया है. यह ऐतिहासिक कदम सेना के एक 'ब्रेन डेड' घोषित जवान के परिवार की सहमति के बाद संभव हो सका. दुख की घड़ी में भी परिवार ने जवान के लिवर और किडनी दान करने का साहसिक फैसला लिया. भारतीय वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की मदद से तुरंत 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाकर इन अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक सुरक्षित पहुंचाया गया. यह घटना न केवल सेना की संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी एक मील का पत्थर है.
कमांड हॉस्पिटल के कमांडर मेजर जनरल संजय शर्मा ने इस पर गर्व जताते हुए कहा, "यह जम्मू-कश्मीर के चिकित्सा इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन है, जब हमने पहली बार सफलतापूर्वक मल्टी-ऑर्गन रिट्रीवल को अंजाम दिया है." दरअसल, बीमारी से जूझ रहे सेना के एक कार्यरत जवान को 15 नवंबर को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था. तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 18 नवंबर को डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रेन डेड' घोषित कर दिया. हालांकि, उनके अंग अभी भी ठीक से काम कर रहे थे.
अंधेरे में उम्मीद की किरण
इस बेहद मुश्किल और दुखद घड़ी में डॉक्टरों ने जवान के परिवार से बात की और बेहद संवेदनशीलता के साथ अंगदान का प्रस्ताव रखा. डॉक्टर बताते हैं कि भारी दुख के बीच भी परिवार ने बड़ा दिल दिखाया और इस बात के लिए तुरंत राजी हो गया कि उनके बेटे के अंगों से किसी और को नया जीवन मिल सके.
इंसानियत की जीत
परिवार ने जवान के लिवर और किडनी दान करने का फैसला किया. इसके बाद कमांड हॉस्पिटल और आर्मी हॉस्पिटल (R&R) की विशेषज्ञ टीमों ने अंगों को सुरक्षित निकाला. यह सिर्फ एक मेडिकल ऑपरेशन नहीं था, बल्कि इंसानियत की सबसे सुंदर मिसाल थी. एक परिवार जिसने अपना सब कुछ खो दिया था, वह दूसरों की जिंदगी बचाने की सोच रहा था. अंगों को बिना किसी देरी के मरीजों तक पहुंचाने के लिए नॉर्दर्न कमांड, स्थानीय प्रशासन और SOTTO के तालमेल से एक 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाया गया. भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के जरिए इन अंगों को बेहद सुरक्षित और तेजी से उन मरीजों तक पहुंचाया गया, जो जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे थे.
यह भी पढ़ें | पिता की 10 साल पुरानी डायरी के पन्ने पलटने लगा बेटा, बोला- सपने पूरे करने की चाबी हाथ लग गई
जवान की वर्दी को आखिरी सलाम
अफसरों ने इसे जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा मील का पत्थर बताया है. लेकिन इस कामयाबी से भी ऊपर, यह कहानी हमें सिखाती है कि सैनिक होना किसे कहते हैं. एक सैनिक की सेवा सांसें थमने से नहीं रुकती. वह जिन लोगों की जान बचाता है, उनके जरिए वह हमेशा हमारे बीच जिंदा रहता है. अस्पताल के डॉक्टरों ने भी परिवार के इस हौसले और निस्वार्थ सेवा को सलाम किया है.
यह भी पढ़ें | बेफिक्री से चाय पीकर हंसने वाला मीम स्टार लड़का कौन है? सोशल मीडिया ने ट्रक क्लीनर की बदली किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं