विज्ञापन

माता-पिता अस्पताल में भर्ती, 13 वर्षीय भारतीय बच्चे को UAE में सैकड़ों अजनबियों ने दी अंतिम विदाई

UAE में हुए भीषण सड़क हादसे में 13 वर्षीय भारतीय लड़के आतिफ की मौत हो गई. उसके माता-पिता और बहन अस्पताल में भर्ती हैं. ऐसे में सैकड़ों अजनबी लोग उसके जनाजे में पहुंचे.

माता-पिता अस्पताल में भर्ती, 13 वर्षीय भारतीय बच्चे को UAE में सैकड़ों अजनबियों ने दी अंतिम विदाई
13 वर्षीय भारतीय बच्चे को UAE में सैकड़ों अजनबियों ने दी अंतिम विदाई
NDTV

UAE में भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 13 साल के भारतीय बच्चे आतिफ की अंतिम विदाई काफी भावुक रही है. आतिफ के माता-पिता और बहन अस्पताल में भर्ती हैं. ऐसे में उसके जनाजे में वे शामिल नहीं हो सके, लेकिन UAE में सैंकड़ों अजनबी लोग आतिफ के जनाजे में पहुंचे और परिवार की तरह अंतिम विदाई दी. इस दौरान वहां पर मौजूद हर किसी की आंखें नम रहीं. भारतीय परिवार UAE में उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब भारत लौटने के लिए परिवार एयरपोर्ट जा रहा था. 

12 नवंबर को हुआ था हादसा

गुजरात के रहने वाले आतिफ मोहम्मद इमरान मंसूर अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ घूमने गए थे. वे सभी 6 नवंबर को यूएई पहुंचे थे. इसके बाद 12 नवंबर को वापस भारत लौटने के लिए फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी आधी रात से पहले फुजैराह के एंट्रेंस के पास शेख खलीफा बिन जायद रोड पर भीषण हादसा हो गया. 

एक ट्रक ड्राइवर ने गाड़ी से अपना कंट्रोल खो दिया, जिससे ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलट गया. इस दौरान उस ट्रक ने रोड पर मौजूद कई वाहनों को चपेट में ले लिया, जो ट्रैफिक के कारण वहां रुके हुए थे. टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जो कई अन्य वाहनों तक फैल गई. 

हादसे में 10 UAE नागरिकों और 4 भारतीयों सहित कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य लोग घायल हो गए. जिस कार में गुजरात के आतिफ का परिवार सवार था, उस कार का पाकिस्तानी ड्राइवर भी हादसे में घायल हो गया, जो अस्पताल में भर्ती है. 

UAE घूमने गया था गुजराती परिवार

Gulf News की रिपोर्ट के अनुसार, परिवार संग UAE घूमने गए आतिफ की भी हादसे में मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता इमरान अय्यूब मंसूर और सबीना मोहम्मद इमरान मंसूर व बड़ी बहन का सरमीन इमरान मंसूर (15) का अस्पताल में इलाज चल रहा है. माता-पिता व बहन को आतिफ़ की मौत के बारे में पता नहीं है. उनकी भी हालत काफी नाजुक है. इसी वजह से रिश्तेदारों ने उनका इंतज़ार किए बिना ही अंतिम संस्कार करने का फ़ैसला किया. 

आतिफ की अंतिम संस्कार शामिल हुए UAE के लोग

आतिफ का UAE में अंतिम संस्कार किया गया गया. फुजैराह के अल-महत्ता स्थित अल-ज़हरा मस्जिद में जनाज़े की नमाज़ अदा की गई, जबकि ईशा की नमाज़ के बाद आतिफ़ को फुजैराह के अल-शरिया कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया. परिवार की ओर से विदाई देने के लिए भारत से आए उनके दो चाचा मौजूद थे. इसके अलावा उनके अंतिम संस्कार में अलग-अलग देशों के कई लोग शामिल हुए. हालांकि, सबसे ज्यादा UAE के नागरिक (एमिराती) थे.

बता दें कि 12 नवंबर को हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों में आतिफ चौथे व्यक्ति हैं, जिन्हें इसी देश में दफनाया गया है. अन्य तीन भारतीय पीड़ित UAE के निवासी थे. केरल मूल के 21 वर्षीय जुड़वां भाई-बहन, मोहम्मद असमिल सिद्दीकी और मिसना जुबिन सिद्दीकी व उनके तीन साल के भतीजे मोहम्मद फैज़ को शुक्रवार को फुजैराह में एक साथ दफनाया गया. 

यह भी पढ़ें | ट्रैफिक में फंसे वाहनों पर पलटा बेकाबू ट्रक, भयानक आग के बीच UAE में 14 की मौत, भारतीय भी चपेट में आए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UAE Road Accident, UAE Viral News, UAE News Hindi, Indians In UAE, Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com