Viral Video: दुनिया के 46 देशों में अकेले घूमने के बाद एक यूरोपीय महिला भारत घूमने आई. उसने भारत की ट्रिप को लेकर अपना अनुभव बताया है. विदेशी महिला ने इंस्टाग्राम पर अलग-अलग वीडियो शेयर किए गए अपने अनुभव में कहा कि भारत में उसे ऐसी आत्मीयता, अपनापन और मददगार लोग मिले, जो उसे अपनी लंबी यात्राओं के दौरान शायद ही कहीं और देखने को मिले हों. उसने बताया कि भारत आने से पहले उसके मन में कई आशंकाएं थीं, लेकिन यहां बिताए गए समय ने उसकी सोच पूरी तरह बदल दी.
2 महीने पहले आई भारत
यूरोपीय महिला का इंस्टाग्राम पर flyaway_with_sima यूजरनेम से अकाउंट है. वह सोलो ट्रैवलर के साथ कंटेंट क्रिएशन का भी काम करती है. इंस्टाग्राम पर उसके 4 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं. वह हाल ही में मिस्र के बाद करीब 2 महीने पहले भारत घूमने आई, जिसको लेकर इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट भी की.
पहली बार इतना प्यार मिला- विदेशी महिला
एक पोस्ट में विदेशी महिला ने बताया कि सोलो ट्रैवलिंग के इतने सालों के सफर में पहली बार इतना प्यार और अपनापन मिला है. भारत को लेकर अपना अनुभव बताते हुए कहा कि यहां लोग बिना किसी वजह के आपको देखकर मुस्कुरा देते हैं, अचानक बातचीत शुरू कर देते हैं, बिना किसी उम्मीद के आपकी मदद करते हैं, और एक अजनबी होने के बावजूद आपको ऐसा महसूस कराते हैं जैसे आप उनके अपने ही हों.
महिला ने बताया एक किस्सा
यूरोपीय महिला ने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "मैं बस में सफर कर रही थी. कुछ घंटों बाद बस एक ब्रेक के लिए रुकी. मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि बाथरूम कहां है या हमारे पास कितना समय है. मेरे बगल में बैठे एक व्यक्ति ने बस से उतरकर मुझे बाथरूम तक का रास्ता दिखाया. मैंने उनसे पूछा कि मेरे पास कितना समय है, तो उन्होंने बताया कि लगभग 10 मिनट हैं. फिर, वे बस के बाहर मेरा इंतज़ार करते रहे... बस यह पक्का करने के लिए कि मैं सुरक्षित वापस आ जाऊं और बस मेरे बिना न निकल जाए.
यह भी पढ़ें | छठ पर मां से किया वादा पूरा करने के लिए खर्च कर दी पूरी सैलरी, बिहार का युवक बोला- 'पहली बार कुछ अलग फील हुआ'
सोलो ट्रैवलर ने आगे लिखा कि बाद में मैंने कॉफी पीने की इच्छा जताई तो उन्होंने तुरंत बताया कि कॉफ़ी कहां मिलेगी. इसमें कोई बड़ी बात नहीं थी, न ही ऐसा करने की कोई खास वजह थी. वे बस बहुत दयालु थे. भारत ने मुझे बहुत ऊर्जा दी... और इसका एक बड़ा श्रेय यहां के लोगों को जाता है.
महिला बोली- कभी नहीं भूलूंगी ये ट्रिप
अन्य पोस्ट में यूरोपीय महिला ने भारत ट्रिप के बारे में लिखा कि पीछे मुड़कर देखती हूं, तो बहुत शुक्रगुज़ार महसूस करती हूं कि मैंने भारत की फ्लाइट बुक करने के लिए 'हाँ' कहा. मैं अपने सारे डर और शंकाओं को एक तरफ रख अकेले ही भारत आ गई.
मैं कभी भी ऐसी इंसान नहीं रही जो सोशल मीडिया पर देखकर किसी जगह के बारे में कोई राय बना ले. सच कहूं तो, मुझे खुशी है कि मैं एक खुले दिमाग के साथ यहां आई. क्योंकि भारत ने मुझे ऐसे बेहतरीन अनुभव दिए, जिनकी मैं कल्पना भी नहीं कर सकती थी. इतने सारे मज़ेदार पल, इतनी नई चीज़ें, नई दोस्ती और ऐसी यादें जिन्हें मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी.
यह भी पढ़ें | 'मैंने तो जनता का भला चाहा था', 25 लाख फॉलोअर वाले ओमप्रकाश बिश्नोई को गांव ने दिए सिर्फ 33 वोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं