AI breakup trend China: चीन में इन दिनों एक अजीबोगरीब 'इश्क वाला' ट्रेंड जोर पकड़ रहा है. जब असल जिंदगी में रिश्ता टूट जाता है, तो वहां के लड़के-लड़कियां सीधे एआई (Artificial Intelligence) की शरण में जा रहे हैं. अब वहां लोग ब्रेकअप के बाद अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड या बॉयफ्रेंड की याद में रोने के बजाय, उनकी एक 'AI डिजिटल कॉपी' तैयार कर रहे हैं. ये वर्चुअल साथी बिल्कुल पुराने पार्टनर की तरह बातें करते हैं, जिससे गम गलत करने में मदद मिल रही है. चलिए जानते हैं इस अनोखे और थोड़े अजीब ट्रेंड का पूरा सच.

Photo Credit: pexels
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, युवा अपने पूर्व पार्टनर के पुराने चैट, फोटो और सोशल मीडिया पोस्ट को एक एआई प्लेटफॉर्म पर फीड कर देते हैं. इसके बाद तैयार होता है एक 'डिजिटल हमसफर', जो हूबहू पुराने साथी के लहजे और अंदाज में बातें करता है.
ये भी पढ़ें:-इंद्रधनुष तो सुना था, अब देख लीजिए 'सतरंगी बादल', इंडोनेशिया का वीडियो हुआ वायरल
एआई पार्टनर से दिल का हाल (Virtual Ex-Partner AI Chatbot)
यह ट्रेंड उन लोगों के लिए एक मरहम की तरह काम कर रहा है, जिन्हें अचानक हुए ब्रेकअप से सदमा लगा है. ये डिजिटल कॉपी इतनी सटीक होती है कि पुरानी सालगिरह, पसंदीदा खाना और यहां तक कि पुराने झगड़ों का भी जिक्र कर सकती है. लोग वीचैट जैसे ऐप्स पर इनसे घंटों बातें करते हैं. एक यूजर ने तो यहां तक कहा कि उसने पूरी रात एआई को ट्रेनिंग दी, ताकि उसकी एक्स का डिजिटल अवतार बिल्कुल असली लगे. यह सब 'Colleague.skill' जैसे ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट्स की बदौलत मुमकिन हो पा रहा है.

Photo Credit: pexels
तकनीक या इमोशनल जाल? (Emotional Healing and Privacy Debate)
जहां कुछ लोग इसे इमोशनल हीलिंग का जरिया मान रहे हैं, वहीं जानकारों ने इस पर बहस छेड़ दी है. सवाल उठ रहे हैं कि, क्या किसी की अनुमति के बिना उसकी डिजिटल कॉपी बनाना प्राइवेसी का उल्लंघन नहीं है? साथ ही, क्या ये तरीका लोगों को पुरानी यादों से बाहर निकलने देगा या उन्हें और ज्यादा उसी दलदल में फंसा देगा? बावजूद इसके, चीन के युवाओं में यह 'वर्चुअल इश्क' काफी लोकप्रिय हो रहा है.

Photo Credit: pexels
देखा जाए तो यह तकनीक उन लोगों के लिए सुकून देने वाली है, जो अपने रिश्तों को एक 'क्लोजर' देना चाहते हैं, लेकिन क्या मशीन कभी इंसान के अहसासों की जगह ले पाएगी? यह सवाल आज भी बरकरार है, फिलहाल तो चीन में यह ट्रेंड 'दिल टूटे आशिकों' के लिए एक डिजिटल सहारा बना हुआ है.
ये भी पढ़ें:- गर्मी की ऐसी-तैसी! तपती धूप में नाचने के लिए बारातियों ने निकाला 'चलता-फिरता टेंट', वीडियो देख चकरा जाएगा सिर
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबर के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं