Viral Video: ब्रिटेन (Britain) के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर जैक हीटन (Jack Heaton) पिछले करीब साढ़े 3 महीने से भारत घूम रहे हैं. वे अब तक 6 राज्यों को एक्सप्लोर कर चुके हैं और वहां के एक्सपीरियंस को वीडियो के जरिए इंस्टाग्राम पर शेयर कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने भारत की स्लीपर बस (Indian Sleeper Bus) में सफर का अपना अनुभव शेयर किया है, जो इतना शानदार रहा है कि उन्होंने भारतीय बसों की तुलना सीधे यूरोप से कर दी है. दिल्ली से जयपुर तक ट्रेवल करने के बाद उन्होंने कहा है, 'भारत की ये बसें यूरोप को भी शर्मिंदा कर देंगी.'
'मैं सच में हैरान हूं'
जैक ऑफ ऑल जर्नीज (jack_ofalljourneys) नाम के इंस्टाग्राम पेज से शेयर किए गए 52 सेकंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि जैक ने जिंग बस (Zing Bus) की स्लीपर सर्विस चुनी थी. वे वीडियो में कहते हैं, 'मैं सच में हैरान हूं. भारत की स्लीपर बसें देखकर तो यूरोप को भी शर्म आ जाएगी. मैं ऐसा इसीलिए कह रहा हूं क्योंकि मैंने पहले कभी ऐसी बस में सफर नहीं किया. ये बस बहुत बड़ी, साफ-सुथरी और मॉडर्न थी. मुझे बैठे हुए अभी दो ही सेकंड हुए थे और मुझे खाना भी मिल गया. इसमें करी, दाल, सब्ज़ी, चावल, रोटियां और गुलाब जामुन भी थी. पैसे के हिसाब से तो यह जबरदस्त डील थी.'
7 घंटे का सफर मजेदार रहा
जैक आगे कहते हैं, 'मैं कोई बहुत लंबा-चौड़ा आदमी तो नहीं हूं, लेकिन सबसे पहली चीज जो मैंने देखी, वह यह थी कि यहां कितनी जगह है. यह सच में बहुत बड़ी है. अंदर आते समय मैंने एक टॉयलेट भी देखा था, जो बहुत ही सिंपल और साफ-सुथरा था. साथ में एक सिंक भी बना हुआ था. आमतौर पर, बस के सफर से मुझे नफरत है, फिर भी ये 7 घंटे का सफर काफी मजेदार रहा. और 4 डॉलर (करीब 380 रुपये) से भी कम कीमत में, आप सच में कोई शिकायत नहीं कर सकते. इसलिए मैं पक्का जिंग बस से दोबारा सफर करूंगा.'
ये भी पढ़ें:- बिना एक भी रुपया खर्च किए जर्मनी शिफ्ट हुई ये भारतीय लड़की, बोलीं- 'विदेश जाने का सपना ऐसे भी पूरा हो सकता है'
'हवाई जहाज के खाने से अच्छा डिनर मिला'
जैक ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'सच कहूं तो, इस स्लीपर बस ने मुझे बहुत खुश कर दिया. शायद यह अब तक का मेरा सबसे अच्छा बस सफर था. मुझे सबसे अच्छी चीज खाना लगा. मुझे उम्मीद थी कि यह हवाई जहाज़ में मिलने वाले खराब खाने जैसा होगा, लेकिन इसका स्वाद कई रेस्तरां में खाए गए खाने से भी बेहतर था.'
'भारत की असली तस्वीर दिखाने के लिए शुक्रिया'
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए जैक के इस वीडियो को अब तक 32 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे करीब डेढ़ लाख लाइक्स मिल चुके हैं. वीडियो के वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में लोगों का प्यार उमड़ पड़ा. जिंग बस ने जहां उन्हें शानदार सफर की शुभकामनाएं दीं, वहीं एक भारतीय यूजर ने आभार जताते हुए लिखा, 'शुक्रिया भाई, भारत का वो पहलू दिखाने के लिए जो सोशल मीडिया पर शायद ही कभी दिखाया जाता है. आपके इस ईमानदार नजरिए की हम दिल से कद्र करते हैं.'
ये भी पढ़ें:- 35 लाख की IT जॉब छोड़ बॉयफ्रेंड संग दुनिया घूमने निकली यूपी की लड़की, अब सोशल मीडिया से कमा रहे 1 करोड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं