विज्ञापन

'अरे, तू तो बहुत बड़ा काम करता है रे...' पोते ने अपनी 81 साल की दादी को घुमाया Microsoft ऑफिस, इंटरनेट पर वायरल हुआ दिल छू लेने वाला पोस्ट

सोशल मीडिया पर बेंगलुरु में माइक्रोसॉफ्ट के एक मैनेजर व्यंकटेश बजाज का पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है. इस पोस्ट में उन्होंने अपनी दादी को ऑफिस घूमाने का पूरा अनुभव बताया है. इस पोस्ट ने इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया है...

'अरे, तू तो बहुत बड़ा काम करता है रे...' पोते ने अपनी 81 साल की दादी को घुमाया Microsoft ऑफिस, इंटरनेट पर वायरल हुआ दिल छू लेने वाला पोस्ट
दादी को घुमाया अपना ऑफिस

Bengaluru Manager Viral Post: सोशल मीडिया पर रोजाना कुछ नया वायरल होता ही रहता है. कुछ फोटो, वीडियो पोस्ट लोगों का मनोरंजन करते हैं तो कुछ लोगों का दिल छू जाते हैं. हाल ही में एक लिंक्डइन पोस्ट खूब वायरल हो रही है जिसने इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया है. ये पोस्ट बेंगलुरु में माइक्रोसॉफ्ट के एक मैनेजर व्यंकटेश बजाज की है. इसमें उन्होंने बताया है कि पहली बार अपनी 81 साल की दादी को अपने ऑफिस ले जाने का अनुभव कैसा रहा. साथ ही वो इस अनुभव को किसी भी प्रमोशन से बड़ा पल बताया. 

दादी को घूमाया माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस

व्यंकटेश बजाज अपनी लिंक्डइन पोस्ट में बताते हैं कि उनका बचपन महाराष्ट्र के एक छोटे और दूरदराज कस्बे मंगरूलपीर में बीता, जहां लोगों की कॉरपोरेट दुनिया से ज्यादा पहचान नहीं थी. उन्होंने याद किया कि बचपन में वे टीवी पर कांच से बने बड़े ऑफिस को देखकर एक दिन वहां काम करने का सपना देखते थे. करीब दस साल बाद वही सपना हकीकत बन गया, जब वे अपनी दादी को बेंगलुरु स्थित माइक्रोसॉफ्ट के ऑफिस घुमाने ले गए. 

यह भी पढ़ें: 26 साल की उम्र में बेटे ने खरीदी BMW, पिता ने गर्व से कही ऐसी बात, Video ने हर किसी को कर दिया इमोशनल

बजाज बताते हैं कि उनकी 81 साल की दादी पहली बार किसी कॉरपोरेट ऑफिस में गई थीं. वहां पहुंचकर उन्होंने बड़े उत्साह और हैरानी के साथ ऑफिस का माहौल, टेक्नोलॉजी और लोगों के साथ मिलकर काम करने के तरीके को देखा. वह बार-बार बजाज से पूछती रहीं कि 'यहां इतना बड़ा काम कैसे चलता है?'.

'अरे, तू तो बहुत बड़ा काम करता है रे'

अपनी पोस्ट में बजाज अपनी दादी के जीवन को देखने के नजरिए के बारे में भी बताते हैं. उन्होंने बताया कि भले ही उनकी दादी ने कभी औपचारिक पढ़ाई नहीं की, लेकिन उनकी सोच हमेशा आगे बढ़ने वाली रही और उन्होंने जीवन के अनुभवों से गहरी समझ हासिल की. जब वह उन्हें ऑफिस घुमा रहे थे, तब उन्हें एहसास हुआ कि यह सिर्फ अपना ऑफिस दिखाने भर नहीं है, बल्कि यह पीढ़ियों की मेहनत और त्याग का पूरा चक्र पूरा होने जैसा पल है. इस दौरान दादी हंसते हुए कहती हैं 'अरे, तू तो बहुत बड़ा काम करता है रे.'

बजाज बताते हैं कि ये शब्द उनके लिए किसी भी प्रमोशन, टाइटल या अवॉर्ड से कहीं ज्यादा बड़े थे और उस दिन उन्होंने खुद को और ज्यादा गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ महसूस किया.

लोगों ने दी प्रतिक्रियाएं

व्यंकटेश बजाज का ये पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और कई लोगों के दिल को छू गया. इसके बाद कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने इस प्यारे पल पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा 'बिजनेस हो या पर्सनल लाइफ सबसे ज्यादा जरूरी अपने रूट्स से कनेक्शन है', दूसरे यूजर ने लिखा 'सुपर प्राउड', एक अन्य यूजर ने लिखा 'प्राउड मूमेंट'. 

Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com