700 year old mummy Bolivia: इतिहास की किताबों में हम अक्सर पढ़ते हैं कि जब यूरोपीय लोग अमेरिका पहुंचे, तो अपने साथ चेचक और बुखार जैसी 'बलाएं' भी ले आए. मगर हाल ही में वैज्ञानिकों के हाथ एक ऐसी 'चाबी' लगी है, जिसने इस दावे की हवा निकाल दी. बोलीविया के ऊंचे पहाड़ों पर एक 700 साल पुरानी ममी मिली, जिसके जबड़े में फंसे एक इकलौते दांत ने बरसों पुराने मेडिकल रहस्य से पर्दा उठा दिया है. शोधकर्ताओं को इस दांत के अंदर Streptococcus pyogenes नाम के उस 'शैतान' का सुराग मिला है, जिसे हम 'स्कार्लेट फीवर' के नाम से जानते हैं.
कोलंबस से पहले की 'काली मौत' (Scarlet Fever Existed Before Columbus)
रिसर्च के मुताबिक, यह ममी उस शख्स की है जो साल 1283 से 1383 के बीच जिंदा था, यानी कोलंबस के कदम पड़ने से भी करीब सौ साल पहले यह जानलेवा बीमारी वहां के लोगों का गला घोंट रही थी. नेचर कम्युनिकेशंस में छपी यह रिसर्च बताती है कि, यह बीमारी असल में करीब 10,000 साल पहले ही वहां पहुंच चुकी थी. मुमकिन है कि जब पुराने दौर के इंसानों ने बेरिंग जलडमरूमध्य पार किया होगा, तभी यह बैक्टीरिया उनके साथ छिपकर नई दुनिया में दाखिल हो गया.
ये भी पढ़ें:-परलोक में मर्सिडीज की सवारी! बाप की मय्यत पर बेटों ने जमीन में गाड़ दी डेढ़ करोड़ की लग्जरी कार
दांत में छिपा था इतिहास का 'पजल' (Scientific Puzzle Solved Through Ancient DNA)
इटली और ब्रिटेन के वैज्ञानिकों के लिए यह खोज किसी पेचीदा पहेली को सुलझाने जैसी थी. दांत से मिले डीएनए के नमूने काफी पुराने और टूटे-फूटे थे, लेकिन जब उन्हें जोड़कर देखा गया, तो तस्वीर साफ हो गई. यह वही बैक्टीरिया था जो बच्चों को अंधा और बहरा बना देता था. मजे की बात ये है कि सिफलिस और कुष्ठ रोग (Leprosy) के बारे में भी अब ऐसे ही खुलासे हो रहे हैं, जो बताते हैं कि ये बीमारियां बाहर से नहीं आईं, बल्कि वहीं की मिट्टी में पहले से पल रही थीं. यह खोज महज एक दांत की कहानी नहीं, बल्कि इस बात का सबूत है कि कुदरत के रहस्यों को समझना कितना मुश्किल है. आज जब एंटीबायोटिक्स फेल हो रहे हैं, तब इतिहास के ये पुराने जख्म हमें भविष्य की लड़ाई के लिए तैयार कर रहे हैं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं