विज्ञापन

क्या ट्रंप की दिमागी हालत ठीक है? इस सवाल पर अमेरिकी रक्षा मंत्री का जवाब हो रहा VIRAL

US Iran War Updates: अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में ट्रंप सरकार के 2027 के सैन्य बजट प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई और रक्षा मंत्री से कड़े सवाल पूछे गए.

क्या ट्रंप की दिमागी हालत ठीक है? इस सवाल पर अमेरिकी रक्षा मंत्री का जवाब हो रहा VIRAL
US Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मानसिक हालत पर क्यों उठ रहे सवाल
  • अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से संसद में ट्रंप की मानसिक स्थिरता को लेकर सवाल पूछे गए, अब उनका जवाब वायरल
  • हेगसेथ ने ट्रंप का बचाव करते हुए कहा कि वे बेहतरीन कमांडर-इन-चीफ हैं और सैनिकों को प्राथमिकता देते हैं
  • संसद में 2027 के सैन्य बजट प्रस्ताव पर चर्चा हुई जिसमें रक्षा खर्च बढ़ा 1.5 ट्रिलियन डॉलर करने का प्रस्ताव है

US Iran War Updates: ईरान में चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से संसद के अंदर ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की “मानसिक स्थिरता” और उनके “बेकाबू” सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कड़े सवाल पूछे गए. अमेरिका के अंदर सवाल उठ रहे हैं कि क्या ट्रंप की दिमागी हालत ठीक है क्योंकि उन्होंने तो एक “पूरी सभ्यता” को ही खत्म कर देने की धमकी दी थी. अब संसद के अंदर हुई इस सुनवाई के दौरान इस सवाल पर हेगसेथ ने जो जवाब दिया, वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वजह थी कि रक्षा मंत्री ने सीधे हां या ना में जवाब देने की बजाय राष्ट्रपति का बचाव किया.

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

वीडियो में डेमोक्रेट नेता सारा जैकब्स हेगसेथ से पूछती हैं कि क्या ट्रंप “कमांडर-इन-चीफ” बनने के लिए “मानसिक रूप से स्थिर” हैं. भारत की तरह ही अमेरिका में भी राष्ट्रपति सभी सेनाओं का चीफ होता है. अब इस पर नाराज दिख रहे रक्षा मंत्री तुरंत राष्ट्रपति के बचाव में आ गए और उन्होंने पूछा कि क्या यही सवाल ट्रंप के पहले राष्ट्रपति रहे जो बाइडेन से “चार साल” तक पूछा गया था. यानी उन्होंने सीधा ना नहीं बोला.

इसपर जैकब्स ने जवाब दिया, “जो बाइडेन अब राष्ट्रपति नहीं हैं. ट्रंप पिछले डेढ़ साल से राष्ट्रपति हैं.”

गुस्से में हेगसेथ ने कहा, “मैं उस तरह की अपमानजनक भाषा में शामिल नहीं होऊंगा, जैसा आप कमांडर-इन-चीफ के लिए इस्तेमाल कर रही हैं.” बाद में उन्होंने कहा कि ट्रंप एक “बेहतरीन कमांडर-इन-चीफ हैं, जो हमारे सैनिकों को सबसे पहले रखते हैं.”

संसद में कैसी सुनवाई हो रही?

बुधवार और गुरुवार को हुई सुनवाई में अमेरिका की संसद के दोनों सदनों, हाउस और सीनेट की आर्म्ड सर्विसेज कमेटियों के सदस्यों ने ट्रंप सरकार के 2027 के सैन्य बजट प्रस्ताव पर भी चर्चा की. इस प्रस्ताव के तहत रक्षा खर्च को बढ़ाकर ऐतिहासिक 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाया जाएगा. सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के सामने बयान देते हुए हेगसेथ ने कहा कि यह रिकॉर्ड बजट “हमारी सेना को मौजूदा और भविष्य की लड़ाइयों के लिए तैयार करेगा” और पिछले कई सालों की “कम निवेश और खराब मैनेजमेंट” की स्थिति को बदलेगा.

उन्होंने कहा कि 1.5 ट्रिलियन डॉलर का बजट यह सुनिश्चित करेगा कि अमेरिका दुनिया की सबसे ताकतवर और सक्षम सेना बनाए रखे. हेगसेथ ने इस प्रस्ताव को अमेरिका की सैन्य ताकत में एक बड़ा बदलाव बताया. उन्होंने कहा कि इसमें उद्योग क्षमता, आधुनिक हथियारों और सैनिकों की भलाई पर निवेश बढ़ाया जाएगा.

यह भी पढ़ें: ईरान पर 3 स्टेज में अमेरिका करेगा निर्णायक प्रहार! 45 मिनट की मीटिंग में टीम ट्रंप ने बनाया पूरा प्लान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Iran War, US Iran War Updates, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com