विज्ञापन

'देखते ही गोली मार दो...', ईरान में गिरे अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट की खोज, पकड़ने पर इनाम का ऐलान

अमेरिकी फाइटर जेट के मलबे की तस्वीरें सामने आई हैं और अमेरिकी फोर्सेस पायलट की तलाश में सक्रिय हैं, जबकि हॉर्मुज स्ट्रेट के पास A-10 विमान गिराने का भी दावा किया गया है.

'देखते ही गोली मार दो...', ईरान में गिरे अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट की खोज, पकड़ने पर इनाम का ऐलान
ईरानी सेना ने दो अमेरिकी फाइटर विमानों को मार गिराने का दावा किया है.
Reuters
  • ईरानी सेना ने कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद में अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल विमान गिरा दिया
  • अमेरिकी स्पेशल फोर्सेस ने F-15E के दो क्रू सदस्यों में से एक को सुरक्षित बचा लिया है, दूसरा अभी लापता है
  • ईरानी में लोगों से अमेरिकी पायलट को पकड़ने में मदद करने के लिए इनाम और शूट ऑन साइट के लिए कहा गया है

मध्य पूर्व में जारी जंग के बीच ईरानी सेना ने दावा किया है कि ईरानी सेना ने दो अमेरिकी फाइटर को मार गिराया है. पहली घटना में ईरान के पहाड़ी क्षेत्र कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद में एक F-15E स्ट्राइक ईगल विमान गिराया गया. जबकि दूसरी में हॉर्मुज स्ट्रेट के पास एक A-10 वॉर्थोग ग्राउंड-अटैक विमान को निशाना बनाने का दावा किया गया है. हालांकि अमेरिकी स्पेशल फोर्सेस ने F-15E के दो क्रू सदस्यों में से एक को सुरक्षित बचा लिया है, वहीं दूसरे पायलट की तलाश अब भी जारी है. वहीं ईरान में बाकायदा इनाम की घोषणा की गई है ताकि ईरानी जनता अमेरिकी पायलट को पकड़ सकें.

पायलट खोजने पर इनाम और 'शूट ऑन साइट' का आदेश

ईरान के एक न्यूज चैनल ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अमेरिकी पायलट को ढूंढने में सेना की मदद करें. कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है. ईरानी सरकार ने मैसेज में कहा, "जो भी नागरिक दुश्मन के पायलट को जिंदा पकड़कर सेना या पुलिस के हवाले करेगा, उसे भारी इनाम और बोनस दिया जाएगा." 

हालांकि, इसी दौरान टीवी स्क्रीन पर चल रही पट्टी में यह भी कहा गया कि "पायलट को देखते ही गोली मार दें."

दूसरी ओर, ईरान की सशस्त्र सेनाओं ने जनता से संयम बरतने की अपील भी की है. सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आम लोग पायलट के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी न होने दें. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बड़ी संख्या में ईरानी नागरिक अपनी कारों से क्रैश साइट की ओर निकल पड़े हैं.

यह भी पढ़ें: उम्मीद है कि ऐसा न हो... ईरान में गिरे US फाइटर जेट पायलट से बुरा सलूक तो क्या करेंगे ट्रंप? दिया ये जवाब

F-15E का मिला मलबा 

ईरानी सेना ने जो अमेरिकी विमान गिराया गया वह ब्रिटेन के RAF लेकनहीथ स्थित '494वें फाइटर स्क्वाड्रन' का F-15E स्ट्राइक ईगल था. विमान के मलबे और उसकी पूंछ की तस्वीरें भी सामने आई हैं. जिनसे इसकी पहचान की पुष्टि हुई है. विमान में दो लोग पायलट और एयरमैन सवार थे. अमेरिकी मीडिया में खबर है कि एक क्रू मेंबर को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उसका इलाज चल रहा है, लेकिन दूसरा अभी भी लापता है.

खुजेस्तान प्रांत में कारून नदी के ऊपर उड़ते अमेरिकी हेलीकॉप्टरों और विमानों के वीडियो भी सामने आए हैं. ये संभवतः सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का हिस्सा हैं. यह इलाका तेहरान से करीब 470 किलोमीटर दूर है. तस्वीरों में अमेरिकी विमानों को बहुत कम ऊंचाई पर उड़ते देखा गया है. इससे आकलन किया जा रहा है कि अमेरिकी सैनिक ईरान में घुस कर अपने पायलट को रेस्क्यू करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.

हॉर्मुज के पास A-10 वॉर्थोग गिराने का दावा

इसी बीच ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी ने दावा किया है कि ईरानी सेना ने 'हॉर्मुज स्ट्रेट' के दक्षिण में एक और अमेरिकी विमान A-10 वॉर्थोग को मार गिराया है. यह विमान खास तौर से जमीनी लक्ष्यों और बख्तरबंद वाहनों को तबाह करने के लिए जाना जाता है. हालांकि, अमेरिका ने अभी तक इस विमान के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही इसके पायलट के बारे में कोई जानकारी साझा की है.

यह भी पढ़ें: US F-15 Crash: टेंशन में अमेरिका, ईरान में लड़ाकू विमान गिरा, 'दुश्मन' के हाथ न आ जाए दूसरा पायलट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Iran, Iran US War, Fighter Jet, Donald Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com