भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 13वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-प्लस) में भाग लेने के लिए फिलीपींस के सेबू पहुंच हैं. यहां उन्होंने अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से मुलाकात की है. पीट हेगसेथ ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत के रक्षा मंत्री सिंह के साथ बहुत अच्छी मुलाकात रही. हमने अपनी प्रमुख रक्षा साझेदारी के ढांचे की पहली वर्षगांठ मनाई और सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की.
Great meeting with Indian Minister of Defence Singh. We celebrated the one-year anniversary of the Framework for our Major Defense Partnership and explored ways to strengthen cooperation. https://t.co/3BLUFMpaHt
— Secretary of War Pete Hegseth (@SecWar) October 28, 2026
क्यों अहम है यह दौरा?
राजनाथ सिंह मंगलवार को नई दिल्ली से रवाना हुए थे. वह 28 और 29 अक्टूबर को होने वाली दो दिवसीय बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेंगे. अपने दौरे के बारे में रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत अपनी 'एक्ट ईस्ट नीति' के तहत क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने, आसियान की केंद्रीय भूमिका को बढ़ावा देने और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा, "दौरे पर मैं सहभागी देशों के अपने समकक्षों के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें भी करूंगा. ये बैठकें मौजूदा रक्षा संबंधों की समीक्षा करने और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण मंच साबित होंगी."
भारत 1992 में आसियान का संवाद साझेदार बना था, जबकि पहली ADMM-प्लस बैठक 12 अक्टूबर 2010 को वियतनाम के हनोई में आयोजित हुई थी. 2017 से इस मंच के रक्षा मंत्री हर वर्ष बैठक कर क्षेत्रीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श करते हैं. वर्ष 2026 में ADMM-प्लस की अध्यक्षता फिलीपींस कर रहा है. भारत 2024-2027 चक्र के लिए मलेशिया के साथ आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह (एक्सपर्ट्स वर्किंग ग्रुप ऑन काउंटर-टेररिज्म) का सह-अध्यक्ष भी है.
भारत की यह भागीदारी दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा एक्ट ईस्ट नीति के तहत क्षेत्रीय सहयोग को और गहरा करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं