विज्ञापन

पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरी, कम से कम 20 बच्चों की मौत, सभी की उम्र 13 साल से कम

पाकिस्तान के पेशावर की दिर कॉलोनी में एक प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 20 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं. पाकिस्तान में ऐसे हादसे आम हैं. इसका मुख्य कारण खराब सुरक्षा मानक और निर्माण कार्य में घटिया क्वालिटी के सामान का इस्तेमाल होना है.

पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरी, कम से कम 20 बच्चों की मौत, सभी की उम्र 13 साल से कम
पाकिस्तान के पेशावर में प्राइवेट स्कूल की छत गिरी (फोटो- स्क्रीनशॉट)

पाकिस्तान में एक प्राइवेट स्कूल में बड़ा हादसा हो गया है. गुरुवार, 15 अक्टूबर को पेशावर की दिर कॉलोनी में एक प्राइवेट स्कूल की छत गिरने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 20 छात्र और एक महिला टीचर शामिल हैं. पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार लेडी रीडिंग हॉस्पिटल के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम ने एक बयान में पुष्टि की कि इस घटना में 21 लोगों की मौत हुई है, और हॉस्पिटल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है. इससे पहले, प्रवक्ता आसिम ने बताया था कि 17 छात्रों की मौत हुई है और सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी. उन्होंने यह भी बताया कि 17 अन्य घायल छात्रों को हॉस्पिटल लाया गया है. मौके पर स्कूल में बचाव अभियान चल रहा था.

यह पहला मामला नहीं है

रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में छत और इमारतों का गिरना एक आम बात है, जिसका मुख्य कारण खराब सुरक्षा मानक और निर्माण कार्य में घटिया क्वालिटी के सामान का इस्तेमाल होना है. इससे पहले जुलाई में, उमरकोट के पास एक सरकारी प्राइमरी स्कूल की बाहरी दीवार का एक हिस्सा गिर गया, जिसके मलबे के नीचे दबने से 3 से 13 साल की तीन लड़कियों की मौत हो गई. उसी महीने, लाहौर के बागबानपुरा इलाके में एक प्राइवेट स्कूल की बन रही बिल्डिंग की छत गिर गई, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई और कम से कम पांच अन्य लोग घायल हो गए.

डॉन की रिपोर्ट के अनुसार उससे पहले जून में, लाहौर के काहना इलाके में एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से 14 बच्चों की जान चली गई थी. यह घटना उस हादसे के दो महीने से भी कम समय बाद हुई, जब डेरा गाजी खान के एक प्राइवेट स्कूल में क्लासरूम की छत गिरने से चार बच्चों की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हो गए थे.

डेरा गाजी खान की घटना की जांच से पता चला कि ट्यूशन सेंटर की इमारत के विस्तार का काम चल रहा था, तभी क्लासरूम की छत गिर गई.

यह भी पढ़ें | पाकिस्तानियों को नहीं मिल रही रोटी, Global hunger Index में दो रैंक बढ़ा भारत लेकिन हालत अब भी खराब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan News Hindi, School Roof Collapsed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com