विज्ञापन
This Article is From Aug 20, 2023

पाकिस्‍तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी गिरफ्तार, इमरान खान के हैं करीबी

पीटीआई के महासचिव उमर अयूब ने कुरैशी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके नेता को संवाददाता सम्मेलन के बाद घर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया. 

पाकिस्‍तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी गिरफ्तार, इमरान खान के हैं करीबी
इससे पहले, कुरैशी को 11 मई और छह जून को भी गिरफ्तार किया गया था. (फाइल)
इस्लामाबाद:

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को पुलिस ने शनिवार को यहां स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. कुरैशी भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी हैं. पाकिस्तान तहरीक-ए-पाकिस्तान (पीटीआई) पार्टी के उपाध्यक्ष कुरैशी (67) की गिरफ्तारी के बाद संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) उन्हें अपने मुख्यालय लेकर आई. कुरैशी को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. लेकिन मौजूदा समय में एफआईए जेल में बंद पीटीआई प्रमुख खान से गायब हुए कूटनीतिक दस्तावेज के सिलसिले में पूछताछ कर रही है. 

खान लंबे समय से दावा कर रहे हैं कि उनके पास ‘विदेशी साजिश' के सबूत हैं जिसके तहत उन्हें पिछले साल अप्रैल में प्रधानमंत्री पद से हटाया गया. 

पीटीआई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करके कहा, ‘‘पार्टी उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी को फिर से गैर कानूनी तरीके से गिफ्तार किया गया है.''

गोपनीय कूटनीतिक दस्तावेज का मामला जब सामने आया तब कुरैशी विदेश मंत्री के पद पर आसीन थे. 

कथित ‘सिफर' (गोपनीय कूटनीतिक केबल) में दक्षिण और पश्चिमी एशियाई मामलों के सहायक अमेरिकी विदेश मंत्री डोनाल्ड लु और पाकिस्तानी राजदूत असद मजीद खान की पिछले साल हुई बातचीत सहित अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की बैठक का ब्योरा है. 

पीटीआई के महासचिव उमर अयूब ने कुरैशी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके नेता को संवाददाता सम्मेलन के बाद घर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया. 

अयूब ने कहा, ‘‘उम्मीद थी कि फासीवादी पीडीएम (पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट) के जाने के साथ अराजक शासन का खत्मा होगा, लेकिन ऐसा लगता है कि कार्यवाहक सरकार पूर्ववर्ती फासीवादी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ना चाहती है.''

इससे पहले कुरैशी ने पार्टी में टूट की खबरों का खंडन किया था और समय से चुनाव की मांग की थी. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हाल में उन्होंने दूसरे देशों के राजदूत से मुलाकात की है. 

कुरैशी को 11 मई और छह जून को भी गिरफ्तार किया गया था. 

ये भी पढ़ें :

* पाकिस्तान के कार्यवाहक PM काकड़ ने अमेरिका को ‘स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव' का दिया आश्वासन
* "राजनीतिक रुख से ..", शाहिद अफरीदी ने PCB द्वारा जारी किए गए Video पर किया रिएक्ट
* पाकिस्तान कार्यवाहक पीएम ने आतंकी यासीन मलिक की पत्नी को कैबिनेट में किया शामिल : रिपोर्ट

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
लेखक के बारे में
img
भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Shah Mehmood Qureshi Arrested, Shah Mehmood Qureshi Arrested In Pakistan, Imran Khan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com