विज्ञापन

ईरान का नया 'शांति प्रस्ताव' लेकर अमेरिका पहुंचा पाकिस्तान, कहा- 'वक्त बहुत कम है'

ईरान ने पाकिस्तान के हाथों अमेरिका को अपना नया शांति प्रस्ताव भेजा है. ये प्रस्ताव तब भेजा गया है कि जब ट्रंप ने धमकी देते हुए कहा कि वक्त रेत की तरह हाथ से फिसलता जा रहा है. अब पाकिस्तान ने भी कहा कि समय बहुत कम है.

ईरान का नया 'शांति प्रस्ताव' लेकर अमेरिका पहुंचा पाकिस्तान, कहा- 'वक्त बहुत कम है'

पाकिस्तान ने ईरान की तरफ से तैयार किया गया एक नया और संशोधित शांति प्रस्ताव अमेरिकी सरकार को सौंप दिया है. इस बात की पुष्टि खुद ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी कर दी है कि उनका नया संदेश पाकिस्तान के जरिए अमेरिका तक पहुंच चुका है. लेकिन इस बीच सबसे बड़ी चिंता समय को लेकर है. रॉयटर्स के अनुसार, पाकिस्तानी सूत्रों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच मतभेदों को दूर करने के लिए 'अब बहुत ज्यादा वक्त नहीं बचा है'. दोनों ही देश लगातार अपनी गोलपोस्ट चेंज कर रहे हैं यानी शर्तें बदल रहे हैं. इससे बातचीत किसी तार्किक नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है और शांति की उम्मीदें धुंधली हो रही हैं.

दोनों पक्ष शर्ते पर अड़े

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि यह युद्धविराम इस समय 'लाइफ सपोर्ट' पर है, जो कभी भी टूट सकता है. वॉशिंगटन लगातार ईरान पर दबाव बना रहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह बंद करे और होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी को खत्म करे. दूसरी ओर, ईरान झुकने को तैयार नहीं है.

ईरान ने अपनी शर्तों में साफ किया है कि उसे युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा चाहिए. इसके साथ ही उसने ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी को हटाने और लेबनान (जहां इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जंग चल रही है) सहित सभी मोर्चों पर लड़ाई तुरंत रोकने की मांग की है.

'घड़ी टिक-टिक कर रही है'

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के तेवरों ने दुनिया की चिंता और बढ़ा दी है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को खुली चेतावनी देते हुए लिखा, "घड़ी तेजी से टिक-टिक कर रही है. वे (ईरान) जितनी जल्दी हो सके कदम उठाएं, वरना उनका वजूद ही नहीं बचेगा. समय बहुत कम है." 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप मंगलवार को अपने शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ एक बड़ी बैठक करने वाले हैं, जिसमें ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई शुरू करने के विकल्पों पर चर्चा हो सकती है.

ईरान ने भी अमेरिका की इस धमकी पर कड़ा रुख अपनाया है. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तेहरान हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर विरोधी पक्ष ने छोटी सी भी गलती की, तो उसका मुंहतोड़ जवाब कैसे देना है, यह ईरान को अच्छे से पता है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप के बाद अब पुतिन पहुंच रहे बीजिंग, क्या चीन बन रहा ग्लोबल मीडिएटर, अमेरिका को दे रहा मैसेज?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com