विज्ञापन

किसी के मरने की दुआ की, तो किसी पर बोतल फेंका... nVIDIA के बॉस जेनसन हुआंग को लेकर अब सामने आ रहे नए-नए किस्से

दुनिया के सबसे चर्चित टेक लीडर्स में गिने जाने वाले Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट में पूर्व कर्मचारियों और सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि हुआंग अक्सर मीटिंग्स में अपना आपा खो देते थे, वरिष्ठ अधिकारियों पर चिल्लाते थे और कई बार अपमानजनक टिप्पणियां भी करते थे.

किसी के मरने की दुआ की, तो किसी पर बोतल फेंका... nVIDIA के बॉस जेनसन हुआंग को लेकर अब सामने आ रहे नए-नए किस्से
फाइल फोटो
AFP

दुनिया की सबसे ताकतवर टेक कंपनियों में गिनी जाने वाली nVIDIA के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की पहचान आमतौर पर एक साधारण, जमीन से जुड़े और प्रेरक लीडर के रूप में रही है. काले लेदर जैकेट में नजर आने वाले हुआंग अक्सर अपने संघर्षों की कहानियां सुनाते रहे हैं. लेकिन अब उनके एक अलग ही छवि को देखे जाने का दावा किया जा रहा है. 

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट में कंपनी के भीतर काम कर चुके लोगों के हवाले से कहा गया है कि हुआंग कई बार मीटिंग्स में अपना आपा खो देते थे और वरिष्ठ अधिकारियों पर खुलेआम बरस पड़ते थे. रिपोर्ट के मुताबिक, कई कर्मचारियों को इस बात का खौफ रहता था कि कहीं अगली मीटिंग में उनकी सार्वजनिक तौर पर बेइज्जती न हो जाए.

रिपोर्ट में फरवरी की एक कथित घटना का जिक्र किया गया है. बताया गया कि 30 से ज्यादा nVIDIA अधिकारियों की मौजूदगी में हुई एक बंद कमरे की बैठक के दौरान हुआंग ने कंपनी के तत्कालीन एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट-Worldwide Field Operations जे पुरी को निशाना बनाया.

मैं चाहता हूं तुम मर जाओ: जेनसन

रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने पुरी से कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि तुम्हें फ्लू हो जाए और तुम्हारी हालत बद से बदतर हो जाए." इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि तुम मर जाओ और हम सबको इस मुसीबत से छुटकारा मिल जाए."

बताया गया कि इस टिप्पणी के बाद कमरे में सन्नाटा छा गया. सूत्र के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "जेनसन का लोगों पर चिल्लाना आम बात थी, लेकिन जे पुरी से कही गई यह बात बेहद तनावपूर्ण थी." 

पुरी ने उस दौरान कोई जवाब नहीं दिया. बाद में उन्हें nVIDIA में सीनियर एडवाइजर की भूमिका में भेज दिया गया.

कई और घटनाओं का भी जिक्र

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह कोई अकेली घटना नहीं थी. साल 2025 की एक तीन घंटे लंबी मीटिंग के दौरान हुआंग ने कथित तौर पर एक सीनियर सेल्स ऑफिसर को करीब 40 कर्मचारियों के सामने डांट दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अधिकारी से कहा, "तुम्हें मेरे बिजनेस के बारे में कुछ भी पता नहीं है."

एक अन्य घटना में हुआंग ने पहली बार किसी मीटिंग में शामिल हुए एक सीनियर ऑफिसर पर भी गुस्सा जाहिर किया. रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, "क्या तुम मुझ पर मुस्कुरा रहे हो? मुझे यहां सिर्फ बेजान चेहरे दिख रहे हैं. बाहर निकल जाओ." 

इसके बाद उस अधिकारी को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा गया.

पानी की बोतल फेंकने तक का आरोप

न्यूयॉर्क की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित nVIDIA मुख्यालय में हुई एक बैठक के दौरान हुआंग ने एक वरिष्ठ अधिकारी की तरफ पानी की बोतल भी फेंकी थी.

इतना ही नहीं, बर्लिन में एक सम्मेलन के दौरान nVIDIA के कुछ ग्राहक तकनीकी कंपनियों के CEOs को भी उन्होंने फटकार लगाई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने जापान के एक सूप विक्रेता की कहानी सुनाते हुए कहा कि वह एक ग्राहक को दूसरी कटोरी सूप नहीं देता था ताकि लाइन में खड़े बाकी लोगों को भी मौका मिल सके.

इसके बाद हुआंग ने कथित तौर पर मौजूद CEOs से कहा, "वह आदमी आप सब से बेहतर कारोबारी है." उन्होंने यह भी कहा, "आप लोग मेरे प्रोडक्ट्स की असली कीमत साबित नहीं कर पा रहे हैं."

जीवनी लेखक ने भी उठाए सवाल

जेनसन हुआंग की जीवनी The Thinking Machine लिखने वाले लेखक स्टीफन विट ने भी न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित एक लेख में उनके व्यवहार का जिक्र किया है.

विट के मुताबिक, हुआंग सार्वजनिक मंचों पर खुद को एक विनम्र और कर्मचारियों की तारीफ करने वाले नेता के रूप में पेश करते हैं. वह अक्सर अपने शुरुआती दिनों में बर्तन धोने और छोटे-मोटे काम करने की बातें भी करते हैं. लेकिन लेखक का दावा है कि उनकी यह छवि उनके व्यक्तित्व की पूरी तस्वीर नहीं दिखाती.

विट ने लिखा कि हुआंग को असहमति बर्दाश्त करने की आदत नहीं थी और खुली बहस की गुंजाइश भी बहुत कम थी. उनके अनुसार, मामूली मतभेद भी कई बार उन्हें इतना नाराज कर देते थे कि वह कर्मचारियों पर ऊंची आवाज में बरस पड़ते थे.

यह भी पढ़ें: दुनिया में पहली बार हुआ इंसानी दिमाग के जीन में बदलाव, चीन ने वैज्ञानिकों को नौकरी से निकाला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jensen Huang, Nvidia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com