विज्ञापन

बेटी के सामने अमेरिका में भारतीय दुकान मालिक की गोली मारकर हत्या

मेहसाणा में पटेल के गांव के एक निवासी ने बताया कि वे लगभग 30 सालों से अमेरिका में रह रहे थे. सुरेश पटेल लंबे समय से शिकागो में रह रहे थे और घटना से ठीक एक हफ्ते पहले ही उन्होंने जैक्सन सिटी में अपनी नई दुकान शुरू की थी.

बेटी के सामने अमेरिका में भारतीय दुकान मालिक की गोली मारकर हत्या
सीसीटीवी में कैद भारतीय के हत्यारे को पुलिस ढूंढ रही है.
  • अमेरिका के टेनेसी राज्य के जैक्सन में सुरेश परसोत्तमदास पटेल की दुकान में लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या हुई
  • घटना के समय सुरेश पटेल की 19 वर्षीय बेटी उनके पास मौजूद थी और एक कर्मचारी की कलाई टूट गई
  • संदिग्ध ने ग्रे हुडी, जींस और काले वर्क-स्टाइल बूट पहने थे तथा उसका चेहरा पेंटबॉल मास्क से ढका था

अमेरिका में एक 56 वर्षीय भारतीय व्यक्ति की उसकी दुकान में लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. संदिग्ध अभी भी फरार है. मृतक की पहचान गुजरात के मेहसाणा के रहने वाले सुरेश परसोत्तमदास पटेल के तौर पर हुई है. 20 अगस्त को टेनेसी के जैक्सन में उनकी दुकान पर हथियारबंद लूटपाट के दौरान उनकी हत्या कर दी गई.

खबरों के मुताबिक, पटेल ने घटना से कुछ दिन पहले ही अपनी नई दुकान, 'रिजक्रेस्ट सेलर्स' खोली थी. पुलिस ने बताया कि उन्हें रात करीब 9 बजे दुकान में लूटपाट और गोलीबारी की सूचना मिली. पुलिस ने फेसबुक पर एक पोस्ट में बताया कि चश्मदीदों के अनुसार, एक अज्ञात संदिग्ध दुकान में घुसा, हथियार दिखाया और कर्मचारियों से नकदी की मांग की.

कौन है किलर

कर्मचारी से पैसे लेने के बाद उसने कई गोलियां चलाईं, जो पटेल को लगीं. बताया जा रहा है कि गोली लगने के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी उनके पास ही खड़ी थी.  खबरों के मुताबिक, 70 साल की एक कर्मचारी, जो स्टोर खुलने के समय से ही वहां काम कर रही थीं, इस घटना के दौरान गिर गईं और उनकी कलाई टूट गई. पुलिस ने संदिग्ध की पहचान एक अश्वेत पुरुष के तौर पर की है, जिसने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के वर्क-स्टाइल बूट पहना हुआ था.

पुलिस ने बताया, "उसका चेहरा पेंटबॉल-स्टाइल मास्क से ढका हुआ था और उसे एक सफेद सेडान कार में दुकान से भागते हुए देखा गया." पुलिस ने दुकान से ली गई तीन तस्वीरें भी जारी कीं.

गांव में "मातम छा गया"

मेहसाणा में पटेल के गांव के एक निवासी ने बताया कि वे लगभग 30 सालों से अमेरिका में रह रहे थे. न्यूज़ एजेंसी ANI के अनुसार, उन्होंने कहा, "इस दुखद खबर के बाद मेहसाणा जिले के आखज गांव में मातम छा गया है." उन्होंने कहा, "सुरेश पटेल लंबे समय से शिकागो में रह रहे थे और घटना से ठीक एक हफ्ते पहले ही उन्होंने जैक्सन सिटी में अपनी नई दुकान शुरू की थी." उन्होंने आगे कहा, "इस घटना से गांव वाले बहुत चिंतित हैं; अमेरिका में इस तरह के अपराधों की खबरों से लोगों के बीच डर और बेचैनी बढ़ रही है."

यह भी पढ़ें-

कम नंबर, नकली साइन और सजा... आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश के बचपन का राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com