विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2025

आटा, चीनी, डिब्बाबंद खाना... गाजा में अस्थायी युद्धविराम पर मान गए नेतन्याहू, पहुंचाई गई सहायता सामग्री

इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ़) ने एक बयान में कहा कि उसने "गाजा पट्टी में सहायता पहुंचाने के चल रहे प्रयासों के तहत मानवीय सहायता हवाई मार्ग से पहुंचाई."

आटा, चीनी, डिब्बाबंद खाना... गाजा में अस्थायी युद्धविराम पर मान गए नेतन्याहू, पहुंचाई गई सहायता सामग्री
गाजा पट्टी में सहायता पहुंचाने के चल रहे प्रयासों के तहत मानवीय सहायता हवाई मार्ग से पहुंचाई
  • बेंजामिन नेतन्याहू अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद गाजा में अस्थायी युद्ध विराम के लिए राजी हो गए हैं
  • इजरायल ने गाजा में हवाई मार्ग से मानवीय सहायता जैसे आटा, चीनी, डिब्बाबंद खाद्य सामग्री पहुंचाना शुरू कर दी है.
  • मार्च से गाजा के सभी क्रॉसिंग बंद होने के कारण आवश्यक वस्तुओं की पहुंच गंभीर रूप से प्रतिबंधित हो गई थी.
यरूशलम:

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को गाजा में अस्थायी युद्ध विराम का ऐलान किया है. इजरायली मीडिया ने यह जानकारी दी. इजरायल के सरकारी टीवी चैनल कान न्यूज के अनुसार, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज, विदेश मंत्री गिदोन सा'र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद गाजा की स्थिति पर अंतरराष्ट्रीय दबाव में यह फैसला लिया. इससे पहले, शनिवार को इजरायली रक्षा बलों ने एक बयान में कहा था कि गाजा में मानवीय सहायता की हवाई आपूर्ति देर रात फिर से शुरू हो जाएगी.

इस बीच, फिलिस्तीनी सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार शाम को उत्तरी गाजा के कई इलाकों में मानवीय सहायता की हवाई डिलीवरी फिर से शुरू हुई। आईडीएफ ने खुद इसकी जानकारी टेलीग्राम पोस्ट के जरिए दी. रविवार की सुबह एक बयान में, इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ़) ने कहा कि हवाई मार्ग से पहुंचाई गई सहायता में "आटा, चीनी और डिब्बाबंद खाद्य सामग्री वाले सात पैकेज शामिल हैं." आईडीएफ ने कहा कि उसने "गाजा पट्टी में सहायता पहुंचाने के चल रहे प्रयासों के तहत मानवीय सहायता हवाई मार्ग से पहुंचाई."

Latest and Breaking News on NDTV

यह घटनाक्रम मानवीय संगठनों की ओर से गाजा में भुखमरी की स्थिति बिगड़ने की चेतावनी के बीच हुआ है, जहां मार्च में इजरायल की ओर से सभी क्रॉसिंग बंद कर दिए जाने के बाद से आवश्यक वस्तुओं की पहुंच गंभीर रूप से प्रतिबंधित हो गई है.

हमास के काउंटर-इंटेलिजेंस कमांडर को मार गिराया

शुक्रवार को आईडीएफ ने कहा था कि उसने उत्तरी गाजा पट्टी में एक हमले में हमास के एक काउंटर-इंटेलिजेंस कमांडर को मार गिराया है. आईडीएफ ने एक बयान में कहा कि हमास के जनरल सिक्योरिटी अपरेटस में काउंटर-इंटेलिजेंस निदेशालय के प्रमुख अमजद मुहम्मद हसन शायर की बुधवार को हत्या कर दी गई. इजरायली सेना के अनुसार, निदेशालय जासूसी को विफल करने और वरिष्ठ हमास अधिकारियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है. बयान में कहा गया है कि गुरुवार को इजरायली वायु सेना ने गाजा पट्टी में दर्जनों सैन्य ठिकानों पर हमला किया.

भारत ने किया था गाजा में संघर्षविराम का आह्वान

भारत ने गाजा में जारी मानवीय संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि वहां संघर्षविराम जरूरी है. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बुधवार को हुई एक चर्चा में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा था, ‘‘आज की बैठक गाजा में जारी मानवीय संकट की पृष्ठभूमि में हो रही है.''

हरीश ने कहा, ‘‘शांति का कोई विकल्प नहीं है. संघर्षविराम तुरंत लागू किया जाना चाहिए. सभी बंधकों को रिहा किया जाना चाहिए. इन लक्ष्यों को प्राप्त करने का एकमात्र व्यावहारिक रास्ता संवाद और कूटनीति है. इसके अलावा कोई उपाय या समाधान नहीं है.''

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ceasefire In Gaza, Gaza Aid Materials Delivered, Gaza News, Gaza Photo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com