- राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव जीतने पर हर अमेरिकी वोटर को पांच हजार डॉलर देने का वादा किया था
- अब ट्रंप ने एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं जिससे कोई भी अमेरिकी व्यक्ति टैक्स-फ्री लाल रंग का डीजल खरीद सकेगा
- लाल रंग वाला डीजल आम डीजल की तरह होता है लेकिन इस पर हाईवे फ्यूल टैक्स नहीं लगता है
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव होने जा रहा है और मुश्किल में दिख रहे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसे जीतने के लिए हर दांव अपना रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव जीतने के बाद हर अमेरिकी वोटर को 5000 डॉलर देने का वादा किया है. यह तो उनकी रेवड़ी पॉलिटिक्स का पहला पार्ट भर था. अब ट्रंप ने सोमवार को एक ऐसे ऑर्डर पर साइन किया, जिससे अमेरिका में कोई भी टैक्स-फ्री लाल रंग वाला डीजल खरीद सकेगा. यह डीजल आम तौर पर खेती की मशीनों और सड़क पर न चलने वाले दूसरे उपकरणों के लिए होता है. लेकिन ट्रंप अब इसे हर अमेरिकी के लिए उपलब्ध करा रहे हैं.
ईरान के खिलाफ जंग शुरू करने का फैसला ट्रंप को भारी पड़ गया है. ईरान युद्ध की वजह से पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर मिड-टर्म चुनावों से कुछ हफ्ते पहले उनकी रिपब्लिकन पार्टी पर पड़ रहा है.
ट्रंप ने क्या फैसला लिया है?
नेब्रास्का में एक रैली में बोलते हुए ट्रंप ने समर्थकों से कहा कि इस आदेश से आधिकारिक तौर पर 'ऑफ-रोड' इस्तेमाल की शर्त हटा दी जाएगी और कोई भी व्यक्ति किसी भी वजह से टैक्स-फ्री लाल रंग वाला डीजल खरीद सकेगा. राष्ट्रपति ट्रंप ने तो यह भी माना कि उन्हें इस ईंधन के बारे में जानकारी नहीं थी और भीड़ से मजाक में कहा, "मुझे नहीं पता कि यह क्या बला है, लेकिन जो भी है, यह बहुत अच्छा माना जाता है."
फिर दोहराया 5000 डॉलर वाला वादा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से अपना यह वादा दोहराया है कि अगर नवंबर में कांग्रेस पर रिपब्लिकन का कब्जा बना रहता है, तो वे अमेरिका के हर वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर देंगे. ट्रंप ने शनिवार, 3 अक्टूबर को 'ट्रुथ सोशल' पर एक वीडियो पोस्ट में कहा, "अगर रिपब्लिकन 2026 के मिडटर्म चुनावों में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट जीतते हैं, तो मैं अमेरिका के सभी वयस्क नागरिकों को $5,000 दूंगा. इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद, और मैं उन चेकों पर साइन करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं."
यह भी पढ़ें | ट्रंप को भारत क्यों आ रहा याद? ब्राजील के चुनाव को लेकर कर दिया गलत पोस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं