- कनाडा की Peel Regional Police ने फोर ब्रदर्स नामक अंतरराष्ट्रीय गैंग के 17 सदस्यों को गिरफ्तार किया है
- गैंग ब्रैम्पटन, मिसिसॉगा, कैलेडॉन और ब्रिटिश कोलंबिया में सक्रिय था, कारोबारियों से धमकियां देकर उगाही करता था
- जांच में पता चला कि गैंग ने फायरिंग और आगजनी सहित कुल 24 घटनाओं को अंजाम दिया, जिनमें 324 राउंड गोलियां चलीं
कनाडा में दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर उगाही करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गैंग का भंडाफोड़ हुआ है. Peel Regional Police ने फोर ब्रदर्स नाम के आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि यह गैंग कनाडा और अमेरिका में रहने वाले दक्षिण एशियाई कारोबारियों को धमकाकर पैसे वसूलता था. अगर कोई कारोबारी पैसे देने से मना करता था तो उसके घर, दुकान या बिजनेस प्रतिष्ठान पर फायरिंग और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता था.
पुलिस के मुताबिक यह गैंग खास तौर पर ब्रैम्पटन, मिसिसॉगा, कैलेडॉन और ब्रिटिश कोलंबिया के इलाकों में सक्रिय था.जांच एजेंसियों को इसके तार अमेरिका के कैलिफोर्निया तक मिले हैं. कनाडा के इन इलाकों में बड़ी संख्या में भारतीय और पंजाबी मूल के लोग रहते हैं, जिन्हें यह गैंग लगातार निशाना बना रहा था.
ऐसे उगाही करता था फोर ब्रदर्स गैंग
इस मामले की जांच दिसंबर 2025 में शुरू हुई थी. इसके लिए एक जॉइंट फोर्स ऑपरेशन बनाया गया, जिसमें Ontario Provincial Police, Canada Border Services Agency, Federal Bureau of Investigation और कनाडा की वित्तीय एजेंसी FINTRAC भी शामिल थी.जांच में सामने आया कि गैंग रेस्टोरेंट मालिकों, ट्रकिंग कंपनियों और छोटे कारोबारियों को फोन कॉल, सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए धमकियां देता था.कई मामलों में मोटी रकम की डिमांड की जाती थी.

फोर ब्रदर्स गैंग में कौन-कौन?
अप्रैल 2026 में पुलिस ने कई जगहों पर एक साथ छापेमारी की, जिसके बाद 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में इकबाल सिंह भगरिया, आकाशदीप सिंह, रविंदर सिंह, जशनबीर सिंह, दिलावरप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, प्रभदीप सोहल, प्रतापबीर घुमन, अजयदीप सिंह, नवरोप सिंह, राजन सिंह, अमृतजोत सिंह, जशनप्रीत सिंह, गुनित गुनित, सुखविंदर सिंह, मोहिंदर सिंह और कैलिफोर्निया निवासी गौतम गौतम शामिल हैं. इन सभी के खिलाफ कुल 106 आपराधिक धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं.
जांच में क्या-क्या मिला?
जांच के दौरान पुलिस ने छह हथियार, अवैध ड्रग्स, कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किए हैं. पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क सिर्फ उगाही तक सीमित नहीं था बल्कि संगठित अपराध और अन्य अवैध गतिविधियों में भी शामिल था. Canada Border Services Agency ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के खिलाफ इमिग्रेशन नियमों के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है.छह लोगों को कनाडा से डिपोर्ट किए जाने की प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है. एजेंसी के अनुसार मई 2026 तक उगाही और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में 446 इमिग्रेशन जांच शुरू की जा चुकी हैं. 118 लोगों के खिलाफ देश से निकाले जाने के आदेश जारी हुए हैं, जबकि 55 लोगों को अब तक कनाडा से हटाया जा चुका है.
Nishan Duraiappah ने कहा कि यह कार्रवाई अलग-अलग देशों की एजेंसियों के सहयोग से संभव हो पाई. उन्होंने कहा कि उगाही का यह नेटवर्क सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं था बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ था. वहीं Erin O'Gorman ने कहा कि कनाडा सरकार ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें देश से बाहर भी किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को उगाही या धमकी से जुड़ी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें- विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, 10 बड़े अपराधियों के पासपोर्ट रद्द कराने की तैयारी
यह भी पढ़ें- क्रिकेट कनाडा के अध्यक्ष के घर फायरिंग, दरवाजे-खिड़कियों पर मिले निाशान; पुलिस ने बताया रंगदारी से जुड़ा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं