विज्ञापन

अमेरिका में लैंडिंग करते वक्त प्लेन खंभे और ट्रक से टकराया, हलक में थी 231 लोगों की जान- VIDEO

US Plane Accident Video: जब प्लेन रनवे के पास उतरने वाला था, तभी उसके लैंडिंग टायर और नीचे का हिस्सा एक खंभे और ट्रैक्टर-ट्रेलर (बड़ा ट्रक) से टकरा गया. अब जांच बैठाई गई है.

अमेरिका में लैंडिंग करते वक्त प्लेन खंभे और ट्रक से टकराया, हलक में थी 231 लोगों की जान- VIDEO
US Plane Accident Video: अमेरिका में लैंडिंग करते वक्त प्लेन खंभे और ट्रक से टकराया

US Plane Accident Video: अमेरिका में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब यूनाइटेड एयरलाइंस का एक प्लेन लैंडिंग के समय हाईवे पर एक लैंप पोस्ट (खंभा) और ट्रक से टकरा गया. जब प्लेन में यह दुर्घटना हुई तब उसमें 231 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि यह बोइंग 767 प्लेन इटली के वेनिस से आ रहा था और राहत की बात यह रही कि न्यूआर्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया. एजेंसी इस घटना की जांच करेगी.

न्यू जर्सी स्टेट पुलिस की शुरुआती जांच में बताया गया कि जब प्लेन रनवे के पास उतरने वाला था, तभी उसके लैंडिंग टायर और नीचे का हिस्सा एक खंभे और ट्रैक्टर-ट्रेलर (बड़ा ट्रक) से टकरा गया. पुलिस ने कहा कि इसके बाद वह खंभा एक जीप से भी टकरा गया, जो उसी हाईवे पर चल रही थी. पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यू जर्सी के अनुसार, प्लेन में किसी को चोट नहीं आई. ट्रक ड्राइवर को हल्की चोटें आईं, उसे अस्पताल ले जाया गया और बाद में रिस्चार्ज कर दिया गया.

रिपोर्ट के अनुसार यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 169 में 221 यात्री और 10 क्रू सदस्य थे. एच एंड एस बेकरी के ट्रक को बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट चक पैटेराकिस ने बताया कि “विमान का पहिया ड्राइवर की खिड़की से टकरा गया, जिससे ड्राइवर को हल्की चोटें आईं.” चक पैटेराकिस ने टीवी चैनल एबीसी को बताया कि इस घटना में सभी लोग बहुत भाग्यशाली रहे. उन्होंने कहा, “यह घटना इससे भी ज्यादा खतरनाक हो सकती थी, लेकिन भगवान की थोड़ी मदद से सब सुरक्षित रहे- चाहे विमान में बैठे लोग हों या ड्राइवर.”

यूनाइटेड एयरलाइंस ने बयान में कहा कि वह इस घटना की गहराई से फ्लाइट सेफ्टी जांच करेगी और जांच के दौरान क्रू को ड्यूटी से हटा दिया गया है. प्लेन बनाने वाली कंपनी बोइंग ने इस मामले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.

यह भी पढ़ें: भारतीय सामान पर टैक्स लगा फंसी नेपाल सरकार, 4 दिन से आयात रुका, बॉर्डर पर हजारों कंटेनर फंसने से महंगाई का डर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com